राजस्थान की 21 हॉट सीट में 15 पर बड़ा उलटफेर हो रहा है। भाजपा के चार सांसद भागीरथ चौधरी, नरेंद्र खीचड़, देवजी पटेल और राज्यवर्धन सिंह राठौड़ लगभग आधे राउंड के बाद भी अपनी-अपनी विधानसभा सीटों पर पिछड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत करीब 12 हजार तो झालरापाटन से वसुंधरा राजे करीब 39 हजार वोट की बढ़त के साथ आगे चल रही हैं। शुरुआती दौर में पिछड़े पूर्व बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने राहत की सांस ली है, क्योंकि उन्हें अब जाकर लीड मिली है। वहीं तारानगर से राजेंद्र राठौड़ अब भी 7 हजार से ज्यादा वोट के साथ पीछे चल रहे हैं। तिजारा से बाबा बालकनाथ और पोकरण से महंत प्रतापपुरी ने अच्छी लीड बना ली है। सचिन पायलट महज 3 हजार वोट की लीड के साथ आगे हैं।
1. तारानगर (चूरू) : बीजेपी के राजेंद्र राठौड़ 7788 मतों से पीछे चल रहे हैं, यहां पांच राउंड की काउंटिंग हो चुकी है।
हॉट सीट क्यों? : उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और कांग्रेस के मौजूदा विधायक नरेंद्र बुडानिया के बीच कड़ी टक्कर है। राठौड़ ने अपनी चूरू सीट छोड़कर इस सीट से चुनाव लड़ना तय किया। जाट-राजपूत वोटों के ध्रुवीकरण के कारण इस सीट पर मुकाबला रोमांचक हो गया है।
2. लक्ष्मणगढ़ (सीकर) : कांग्रेस के गोविंद सिंह डोटासरा 2775 वोटों से आगे चल रहे हैं। बीजेपी के सुभाष महरिया लगातार पिछड़ रहे हैं। चार राउंड की काउंटिंग हो चुकी है।
हॉट सीट क्यों? : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक गोविंद सिंह डोटासरा का मुकाबला तीन बार सीकर से सांसद रहे बीजेपी के सुभाष महरिया से है। दोनों जाट चेहरे हैं और एक-दूसरे को कांटे की टक्कर दे रहे हैं। कांग्रेस के दिग्गजों को घेरने की रणनीति के तहत बीजेपी ने उन्हें यहां उतारा है। महरिया ने पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ये टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए थे। अब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुए।
3. तिजारा (अलवर) : बीजेपी के सांसद बाबा बालकनाथ 16617 मतों से आगे चल रहे हैं। यहां सात राउंड की काउंटिंग हो चुकी है।
हॉट सीट क्यों? : भाजपा प्रत्याशी सांसद बाबा बालकनाथ के कारण ये सीट चर्चा में आ गई। यहां से कांग्रेस ने पिछले लोकसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी रहे इमरान खान को उतारा है। हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण के चलते यह सीट हॉट बनी हुई है। इस सीट को पिछले चुनाव में बसपा से संदीप यादव ने जीता था, जो बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें मौका नहीं दिया।
4. चित्तौड़गढ़ : निर्दलीय चंद्रभान सिंह आक्या 4314 मतों से आगे चल रहे हैं, यहां 10 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है। बीजेपी के नरपत सिंह राजवी तीसरे नंबर पर हैं।
हॉट सीट क्यों ? : बीजेपी ने यहां पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत के दामाद एवं विधायक नरपत सिंह राजवी की विद्याधरनगर से टिकट काटकर चुनाव में उतारा है। इससे मौजूदा बीजेपी विधायक चंद्रभान सिंह आक्या नाराज हुए और बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने यहां से पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत को मौका दिया है। यहां से आक्या संवेदना की लहर पर सवार हैं।
5. नागौर : कांग्रेस के हरेंद्र मिर्धा 6076 मतों से आगे चल रहे हैं, यहां 6 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है। ज्योति मिर्धा लगातार पिछड़ रही हैं।
हॉट सीट क्यों ? : दिग्गज कांग्रेसी मिर्धा परिवार की पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा को बीजेपी ने प्रत्याशी बनाकर उतारा तो कांग्रेस ने इसी परिवार से उनके चाचा हरेंद्र मिर्धा को टिकट देकर मुकाबला रोमांचक बना दिया है। यहां निर्दलीय प्रत्याशी हबीबुर्रहमान के कारण त्रिकोणीय मुकाबला बना हुआ है।
6. पोकरण (जैसलमेर) : बीजेपी के महंत प्रतापपुरी 10 हजार 280 मतों से कांग्रेस के सालेह मोहम्मद से लीड बनाकर आगे चल रहे हैं। यहां 5 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है।
हॉट सीट क्यों ? : कांग्रेस से कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद और भाजपा से पिछली बार इसी सीट से प्रत्याशी रहे महंत प्रतापपुरी के बीच पहले जैसा ही कांटे का मुकाबला है। पिछली बार यहां महज 872 वोटों से सालेह मोहम्मद जीते थे। दोनों मजबूत प्रत्याशी हैं और हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण के चलते इस बार भी ये सीट काफी चर्चा में है।
7. खींवसर (नागौर) : हनुमान बेनीवाल 617 मतों से आगे चल रहे हैं। बीजेपी के बीजेपी के रेवतराम डांगा चौथे राउंड में पिछड़ गए हैं।
हॉट सीट क्यों? : इस सीट से आरएलपी प्रमुख व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल चुनाव लड़ रहे हैं। मुकाबला कांग्रेस के तेजपाल मिर्धा और आरएलपी से भाजपा में शामिल हुए रेवत राम डांगा से है। यहां त्रिकोणीय मुकाबला है, जो जाट वोट बैंक को भी बांट रहा है।
8. कोटा उत्तर : यहां आठवें राउंड में शांति धारीवाल (40529 मत) ने लीड बनाई है। धारीवाल 2972 मतों से आगे चल रहे हैं। बीजेपी के प्रहलाद गुंजल (37557 मत) दूसरे नंबर पर चल रहे हैं।
हॉट सीट क्यों? : यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल यहां से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। गहलोत के करीबियों में से एक धारीवाल से कांग्रेस आलाकमान 25 सितंबर को विधायकों के सामूहिक इस्तीफा प्रकरण के चलते नाराज था। इसलिए सबसे आखिरी लिस्ट में उन्हें टिकट दी गई। भाजपा ने 2013 में धारीवाल को हराने वाले प्रहलाद गुंजल जैसे मजबूत प्रत्याशी को मौका दिया है। धारीवाल और गुंजल की टक्कर यहां हर चुनाव में देखने लायक होती है।
9. नाथद्वारा (राजसमंद) : बीजेपी के विश्वराज सिंह मेवाड़ 3713 मतों से आगे चल रहे हैं। यहां कांग्रेस के दिग्गज सीपी जोशी लगातार पिछड़ रहे हैं। 8 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है।
हॉट सीट क्यों? : कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी को मौजूदा सीट पर ही टिकट दिया तो बीजेपी ने मेवाड़ के पूर्व राजघराने के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ को टिकट देकर मुकाबले को रोचक बना दिया। महाराणा प्रताप के वंशज विश्वराज सिंह यहां सीपी जोशी को कड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं।
10. उदयपुरवाटी (झुंझुनूं) : बीजेपी के शुभकरण चौधरी 34559 मत हासिल कर 10561 मतों से आगे चल रहे हैं, शिव सेना के राजेंद्र गुढ़ा 23998 मतों के साथ दूसरे नंबर हैं। कांग्रेस तीसरे पर है। यहां 9 राउंड पूरे हो चुके हैं।
हॉट सीट क्यों? : लाल डायरी के चलते चर्चा में आए मंत्रिमंडल से बर्खास्त विधायक राजेंद्र गुढ़ा की जीत-हार पर सबकी निगाह टिकी हैं। सियासी संकट के दौरान मुख्यमंत्री का साथ देने वालों में से एक गुढ़ा भी थे। बसपा के सभी 6 विधायकों को कांग्रेस में शामिल करवाने में भी गुढ़ा की अहम भूमिका रही थी, लेकिन बाद में कांग्रेस से गुढ़ा की बिगड़ी। अब कांग्रेस ने यहां से पूर्व प्रत्याशी भगवानाराम सैनी को तो बीजेपी ने पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी को उतारा है।
11. हवामहल (जयपुर) : बीजेपी के बालमुकुंद आचार्य को पछाड़कर कांग्रेस के RR तिवारी 11612 वोट से आगे चल रहे हैं। यहां 11 राउंड पूरे हो चुके हैं।
हॉट सीट क्यों? : यह सीट भी हिंदू-मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण के लिए जानी जाती है। यहां से भाजपा ने पहली बार चुनाव लड़ रहे हाथोज धाम के बालमुकुंद आचार्य को प्रत्याशी बनाया है। विधायकों के सामूहिक इस्तीफा प्रकरण में धारीवाल का साथ देने के कारण कांग्रेस ने यहां से कैबिनेट मंत्री महेश जोशी का टिकट काट दिया था। उनकी जगह जयपुर शहर अध्यक्ष आर.आर. तिवाड़ी को मौका दिया है। तिवाड़ी का भी यह पहला चुनाव है।
12. किशनगढ़ (अजमेर) : कांग्रेस के विकास चौधरी 4766 मतों से आगे चल रहे हैं, बीजेपी के सांसद भागीरथ चौधरी 11986 वोट लेकर तीसरे नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर निर्दलीय सुरेश टांक (24841 मत) चल रहे हैं। अभी छह राउंड पूरे हो चुके हैं।
हॉट सीट क्यों? : इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला बना हुआ है। इस सीट पर कांग्रेस ने भाजपा के टिकट पर पिछला चुनाव हारे विकास चौधरी को टिकट दिया है। बीजेपी ने यहां अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी को टिकट दिया है। यहां से मौजूदा विधायक सुरेश टांक एक बार फिर निर्दलीय हैं। टांक ने कांग्रेस और भाजपा को अच्छी टक्कर दे रखी है।
13. सवाईमाधोपुर : बीजेपी के राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीणा कांग्रेस के दानिश अबरार से 5611 मतों से आगे चल रहे हैं। छह राउंड की काउंटिंग हो चुकी है।
हॉट सीट क्यों? : पिछले तीन साल में पेपरलीक सहित कई मुद्दों पर अपने आंदोलनों-प्रदर्शनों के कारण सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने गहलोत सरकार की नाक में दम किए रखा। इस सीट से भाजपा के किरोड़ी लाल और कांग्रेस ने मौजूदा विधायक दानिश अबरार आमने-सामने हैं। हिंदू-मुस्लिम वोटों का ध्रुवीकरण और निर्दलीय आशा मीणा के खड़े होने से जातीय वोट बैंक में सेंध भी लगी हुई है। इस सीट पर मुकाबला काफी रोचक बना हुआ है।
14. आमेर (जयपुर) : बीजेपी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया 7 राउंड तक पिछड़ रहे थे लेकिन आठवें राउंड में 59 मतों से लीड बनाई है। यहां 8 राउंड पूरे हो चुके हैं।
हॉट सीट क्यों? : भाजपा ने चुनाव से पहले सतीश पूनिया को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर उप नेता प्रतिपक्ष बनाया। सतीश पूनिया अपनी मौजूदा सीट पर हैं तो उनके सामने कांग्रेस से सचिन पायलट के समर्थक प्रशांत शर्मा हैं। जातिगत समीकरणों के कारण ये सीट उलझी हुई है और पूनिया की जीत-हार को लेकर चर्चा जोरों पर चल रही है।
15. विद्याधर नगर (जयपुर) : बीजेपी की दीया कुमारी 35994 वोट की भारी लीड हासिल किए हुए हैं। कांग्रेस के सीताराम अग्रवाल काफी पीछे हैं। यहां 11 राउंड पूरे हो चुके हैं।
हॉट सीट क्यों? : जयपुर के पूर्व राजघराने की सदस्य सांसद दीया कुमारी को टिकट मिलने के बाद इस सीट पर काफी बवाल हुआ था, लेकिन भाजपा ने इसे शांत करने में सफलता पाई। दीया पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस ने उनके सामने पूर्व प्रत्याशी रहे सीताराम अग्रवाल को फिर से मौका दिया है। नरपत सिंह राजवी के सामने पिछला चुनाव हारने के बाद भी अग्रवाल इस क्षेत्र में काफी सक्रिय रहे हैं।
16. मंडावा (झुंझुनूं) : बीजेपी के सांसद नरेंद्र खीचड़ 9589 मतों से पीछे चल रहे हैं। यहां कांग्रेस की रीटा चौधरी शुरुआत से ही लीड बनाए हुए हैं। 10 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है।
हॉट सीट क्यों? : विधानसभा के लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने नरेंद्र खीचड़ को बीजेपी ने चुनावी मैदान में उतारा है। उनके सामने कांग्रेस से विधायक रीटा चौधरी हैं। इस सीट पर सांसद की प्रतिष्ठा दांव पर है।
17. झोटवाड़ा (जयपुर) : कांग्रेस के अभिषेक चौधरी 940 मतों से आगे चल रहे हैं, बीजेपी के राज्यवर्धन सिंह राठौड़ शुरुआती राउंड में ही पिछड़े हुए थे। अभी तक 10 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है।
हॉट सीट क्यों? : जाट-राजपूत बाहुल्य वाली इस सीट पर भाजपा से सांसद कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ हैं तो उनके सामने कांग्रेस के युवा चेहरे अभिषेक चौधरी हैं। दोनों का यह पहला विधानसभा चुनाव है। इस सीट पर भाजपा के बागी आशुसिंह सुरपुरा ने त्रिकोणीय संघर्ष पैदा कर दिया है। जातिगत वोटों के ध्रुवीकरण के कारण इस चुनावी लड़ाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
18. सांचौर (जालोर) : कांग्रेस के सुखराम विश्नोई 32234 मत लेकर 4682 वोट से आगे चल रहे हैं। यहां निर्दलीय जीवाराम चौधरी 27552 मतों के साथ दूसरे नंबर पर हैं, वहीं बीजेपी के सांसद देवजी पटेल 9599 वोट के साथ तीसरे नंबर पर हैं। 7 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है।
हॉट सीट क्यों? : भाजपा ने इस सीट पर तीन बार से सांसद देवजी पटेल को उतारा है, उनका मुकाबला कांग्रेस के मंत्री सुखराम विश्नोई से है। पिछले दो विधानसभा सभा चुनावों से भाजपा हार रही है और विश्नोई लगातार चुनाव जीत रहे हैं। इस बार भाजपा को देवजी पटेल से बीजेपी को काफी उम्मीदें हैं।
19. सरदारपुरा (जोधपुर) : अशोक गहलोत 12479 वोट से आगे चल रहे हैं। उन्हें 53441 मत मिले हैं। उनके सामने बीजेपी के महेंद्र सिंह राठौड़ 40962 मत मिले हैं। यहां 11 राउंड पूरे हो चुके हैं।
हॉट सीट क्यों? : तीसरी बार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की परंपरागत सीट हर बार हॉट सीट बनी रहती है। इस सीट से 5 बार विधायक बने गहलोत की हर बार एकतरफा जीत होती है, लेकिन मुख्यमंत्री पद के कारण सभी इस सीट के रिजल्ट को गौर से देखते हैं। इससे पहले गहलोत 5 बार जोधपुर सीट से सांसद रहे हैं। भाजपा ने गहलोत के सामने जोधपुर विकास प्राधिकरण के पूर्व चेयरमैन डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़ को उतारा है। राठौड़ का यह पहला विधानसभा चुनाव है।
20. झालरापाटन (झालावाड़) : वसुंधरा राजे 39 हजार 337 वोट से आगे चल रही हैं। यहां 14 राउंड की काउंटिंग पूरी हो चुकी है।
हॉट सीट क्यों? : दो बार मुख्यमंत्री रहीं वसुंधरा राजे की ये परंपरागत सीट है। वे यहां से लगातार 4 बार एकतरफा जीत कर विधायक बनी हैं। इससे पहले राजे झालावाड़ सीट से 5 बार सांसद भी रही हैं। कांग्रेस ने उनके सामने झालावाड़ के पूर्व जिला परिषद सदस्य रामलाल चौहान को उतारा है, जिनका यह पहला विधानसभा चुनाव है।
21. टोंक : सचिन पायलट (26745) महज 3185 की लीड बनाकर आगे हैं। बीजेपी के अजीत सिंह मेहता 23560 वोट लेकर दूसरे नंबर पर हैं। अभी तक 6 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है।
हॉट सीट क्यों? : कांग्रेस के दूसरे पावर हाउस के रूप में जाने जाने वाले पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट इस सीट से दूसरी बार मैदान में हैं। भाजपा ने इस सीट से पूर्व विधायक
अजीत सिंह मेहता को मौका दिया है। पिछली बार पायलट भाजपा के प्रत्याशी पूर्व मंत्री व राजे के नजदीकी यूनुस खान से 54 हजार से अधिक वोटों से जीते थे।