पिंपरी(व्हीएसआरएस न्यूज) पिंपरी चिंचवड शहर के नए पुलिस कमिश्नर कृष्ण प्रकाश की एन्ट्री होते ही शहर में चल रहे विभिन्न अवैध धंधे बंद हो चुके है। कुछ चोरी छुपे अवैध धंधे चल रहे है इसकी जानकारी लोग आयुक्त के मोबाईल पर भेज रहे है। आयुक्त ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि जीरो टॉलरेंस की तर्ज पर चोरी छुपे छोटे बडे सारे अवैध धंधे बंद करने की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस स्टेशन की है। आगामी कुछ दिनों में शहर के दौरे पर निकलूंगा और ऑनस्पॉट छापा मारुंगा। अगर किसी पुलिस स्टेशन की सीमा में अवैध धन्धे दिखाई दिए तो थानेदार नपेंगे। उन पर निलंबन जैसी कडी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर कृष्ण प्रकाश हमारे संवाददाता से एक साक्षात्कार में आगे कहा कि शहर में कानून राज कायम करना पहली प्राथमिकता है। अगर किसी भी शहरी को कोई भी शिकायत हो औैर स्थानीय पुलिस से न्याय न मिले तो वो मुझे आकर मिल सकता है। मुझसे मिलने के लिए किसी बिचौलियों की जरुरत नहीं। एक बच्चा भी मिलकर अपनी समस्या बता सकता है। शहर में बढ़ रहे कोरोना महामारी और पुलिस कर्मचारियों के संक्रमित होने के बारे में कहा कि कोरोना महामारी को रोकने के लिए पुलिस विभाग की ओर से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। पुलिस कर्मचारियों को संक्रमित होने से कैसे बचाएं इस दिशा में काम हो रहा है। कर्मचारियों के हेल्थ व हयुमिनिटी बढाने के लिए साइकिलिंग पेट्रोलिंग,जिम आदि उपाय योजनाओं पर विचार किया जा रहा है।
पिंपरी चिंचवड पुलिस विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों की संख्याबल की कमी के बारे में बोलते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि अतिरिक्त डीसीपी और नए पुलिस स्टेशनों की संख्या बढ़ाने से संबंधित एक पत्र महाराष्ट्र सरकार को लिख रहा हूं। आने वाले दिनों में यह कमी दूर होगी। इसके अलावा वाहनों की कमी समेत अन्य सुविधाओं की पूर्ति यथाशीघ्र की जाएगी। शहर में अमन शांति कायम रखना हमारी प्राथमिकता है। पुलिस के प्रति समाज की नाकारात्मक सोच को बदलना है।
पिंपरी चिंचवड शहर पुलिस आयुक्तालय की सीमा में एमआयडीसी,आयटी पार्क है। कंपनी मालिकों को डराया धमकायाा जाता है,गुंडा टैक्स वसूला जाता है। ऐसी भी शिकायतें मिली है। अब गुंडा टैक्स प्रथा बंद होगा। किसी भी कंपनी मालिक को शिकायत है तो वो सीधे आकर मिल सकता है।
आपको बताते चलें कि जब से नए पुलिस कमिश्नर कृष्ण प्रकाश ने पदभार संभाला है शहर के 90% अवैध धंधे बंद हो चुके है। चालक अब पुणे और ग्रामीणों की ओर पलायन कर रहे है। पुलिस महकमे में भी हडकंप मचा हुआ है। आयुक्त की चेतावनी के बाद भी अवैध धंधे दिखे तो संबंधित पुलिस अधिकारी,कर्मचारी नपेंगे। अब तो यह चर्चा है कि ईमानदारी से काम करो और अपनी नौकरी बचाओ। वर्तमान में 10% अवैध धंधे अभी भी चोरी छुपे चल रहे है जिसकी गुप्त जानकारी पुलिस आयुक्त को समय समय पर मिल रही है।