दिल्ली| व्हीएसआरएस न्यूज: देश के हजारों केंद्रीय कर्मचारियों के लिए यह राहत भरी खबर है। सरकार ने 3700 से भी अधिक कर्मचारियों के प्रमोशन का फैसला लिया है। यह प्रमोशन अलग-अलग वरीयता के कर्मचारियों को दिया जाएगा। इसके अनुसार अब इनके वेतन का निर्धारण एवं भुगतान किया जाएगा। यह प्रमोशन औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मचारियों को दिया गया है। बल के प्रवक्ता ने महानिदेशक के हवाले से कहा कि नियमित पदोन्नति से कर्मियों का मनोबल बढ़ता है तथा उन्हें संतुष्टि मिलती है।
इससे उनके कामकाज में सुधार होता है और संगठन का भी विकास होता है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के देशभर में 3700 से ज्यादा कर्मियों को अगली रैंक में सामूहिक स्तर पर पदोन्नति दी गई है। इस मौके पर मंगलवार को कई कैंपों मे पाइपिंग कार्यक्रम भी हुए। औद्योगिक सुरक्षा बल के एक प्रवक्ता ने बताया कि पदोन्नति पाने वालों में सबसे अधिक संख्या (1,989) कांस्टेबलों की है, जिन्हें हेड कांस्टेबल बनाया गया है।
जबकि 1,751 हेड कांस्टेबल को असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर और सात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को सब-इंस्पेक्टर रैंक में पदोन्नत किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में स्थित CISF मुख्यालय में महानिदेशक कुमार राजेश चंद्र ने भी कुछ कर्मियों को पदोन्नत रैंक के बैच लगाए। आपको बताते चले कि विभिन्न सेक्टर तथा जोन में भी कोरोना प्रोटोकॉल के साथ ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। हवाई अड्डों समेत कई महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा का दायित्व संभाल रहे CISF में करीब 1.62 लाख कर्मी हैं।