गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज के बरौली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में आठ साल का मासूम बच्चा पटाखा फोड़ने के दौरान बुरी तरह झुलस गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। झुलसे बच्चे की पहचान बरौली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी मनोज यादव के आठ वर्षीय बेटा सुजीत कुमार के रूप में की गई है।
बताया गया कि कल्याणपुर गांव निवासी मनोज यादव का बेटा खेलने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी बीच उसे एक पटाखा मिल गया। उसे फोड़ने के लिए पटाखा में आग लगा दी। पटाखा फट गया, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे इलाज के लिए बरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां से डॉक्टर ने स्थिति को नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बच्चे को लेकर पहुंचे परिजनों ने उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। फिलहाल डॉक्टर की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।