उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: उचकागांव थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव में पारिवारिक कलह को लेकर पति ने जहर खा लिया तो पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी। चिंताजनक स्थिति पति को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां इलाज चल रहा है|
बताया जाता है कि कैथवलिया गांव के रामाधार सिंह के पुत्र रंगीला सिंह की शादी इस वर्ष फरवरी महीने में पश्चिमी चंपारण जिले के चौतरवां थाना क्षेत्र के लगुनहा गांव के भूप नारायण राय की पुत्री पिंकी कुमारी के साथ हुई थी |
शादी के बाद सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था लेकिन बीच में किसी बात को लेकर रंगीला सिंह के परिवार में कलह शुरू हो गया| जिसको लेकर शनिवार को रंगीला सिंह ने कीटनाशक खा लिया| कीटनाशक असर होने पर वह गांव के बाहर बाइक से गिर गया|
सूचना पर बाद में पहुंचे परिवार के लोगों ने उसे उठाकर घर लाया| युवक के घर पहुंचने के बाद परिजनों को उसके कीटनाशक खाने की जानकारी मिली| इसके बाद उसे आनन- फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया|
इस दौरान युवक की पत्नी पिंकी सिंह ने छत के ऊपरी कमरे में आत्महत्या करने की नीयत से फांसी लगा लिया| बाद में परिवार के लोगों ने जब खोजबीन शुरू की तो विवाहिता के कमरे का दरवाजा बंद मिला|
इसके बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह दरवाजा तोड़कर घर में घुस कर देखा तो पिंकी फांसी के फंदे से झूल रही थी| जिसे उतार कर अस्पताल ले जाया जा रहा था इस दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई| इधर घटना की सूचना लोगों द्वारा पिंकी सिंह की परिजनों को दी गई| इसके बाद मौके पर पहुंचे पिंकी सिंह के जीजा के द्वारा उसकागांव थाने को सूचना दी गई|
घटना की सूचना पाते ही उचकागांव थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह के निर्देश पर प्रशिक्षु दरोगा शमशाद रजा तथा पुलिस पदाधिकारी आशिक रसूल पहुंचकर शमशान स्थल से शव को अपने कब्जे में कर लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया| समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दी गई थी|