बोधगया| व्हीएसआरएस न्यूज: गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नई दिल्ली के अलावा अब मुंबई के लिए भी इंडिगो की फ्लाइट सेवा शुरू हो गई है । गया से मुंबई के लिए यह सुविधा सप्ताह में चार दिन रहेगी। शुक्रवार को मुंबई से इंडिगो का विमान गया अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरा। इससे 170 यात्री मुंबई से गया आए। इसके बाद यहां से 62 यात्री मुंबई के लिए रवाना हुए। इंडिगो का हवाईजहाज उतरने पर वाटर सैल्यूट देकर उसका स्वागत किया गया। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने यहां सेवा का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शीघ्र शुरू होगा गया से बंगलुरू का उड़ान
एयरपोर्ट निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि इंडिगो का विमान जल्द ही गया से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा। साथ ही कोलकाता गया- वाराणसी के बीच उड़ान सेवा फिर जल्द ही शुरू होगी जो कोरोना के कारण बंद कर दी गई थी। इंडिगो के स्टेशन मैनेजर हुसैन कुरैशी ने बताया कि सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को मुंबई गया-मुंबई के बीच उड़ान सेवा उपलब्ध होगी।
गया से मुंबई बस दो घंटे में
आपको बताते चले कि गया से मुंबई जाने में अब दो घंटा पांच मिनट का समय लगेगा। वही गया एयरपोर्ट से अन्य शहरों के बीच उड़ान सेवा की पुरानी मांगें अब धीरे-धीरे पूरी होने लगी हैं। इससे न सिर्फ गया बल्कि आसपास के जिले के लोग भी लाभान्वित होंगे। घरेलू पर्यटन को तो बढ़ावा मिलेगा ही इसके साथ राेजगार का सृजन होगा। व्यवसायिक अवसर भी बढेंगे। हालाँकि कोरोना के कारण कई हवाई रूटों पर सेवा बाधित हो गई थी। इस कारण पर्यटन पूरी तरह से ठप पड़ गया था।
लेकिन अब हवाईसेवा की शुरुआत होने से खासकर अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को गया आने-जाने में काफी सुविधा होगी। खासकर मुंबई से गया की सीधी उड़ान ने पर्यटकों को काफी सुविधाएं दी हैं।