गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता:नगर थाना क्षेत्र के बसडिला गांव के समीप एनएच 27 पर ट्रक ने एक साइकिल सवार को कुचल दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयाl घायल साइकिल सवार जादोपुर थाना क्षेत्र के भुआली टोला गांव का टुनटुन ठाकुर बताया गया है। इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि साइकिल सवार टुनटुन ठाकुर अपने मामा के घर कुचायकोट थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव में जा रहा था। इस दौरान वह जैसे ही नगर थाना क्षेत्र के बसडिला गांव के पास पहुंचा कि अनियंत्रित ट्रक ने उसके साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल साइकिल सवार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल कर्मियों की मदद से घायल के घर घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद घायल साइकिल सवार के परिजन सदर अस्पताल में पहुंच गए। जहां उनकी देखरेख में डॉक्टर इलाज कर रहे हैं। इलाज के दौरान डॉक्टर ने बताया की हादसे में साइकिल सवार का एक पैर टूट गया है।
बेहतर इलाज के लिए साइकिल सवार को हड्डी रोग विशेषज्ञ के यहां रेफर कर दिया है। घायल साइकिल सवार के परिजनों ने घटना की सूचना नगर थाने की पुलिस को दी है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है। बताया जा रहा है कि साइकिल सवार को धक्का मारने के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया है।