लखनऊ| व्हीएसआरएस न्यूज: मलेशिया में नौकरी के नाम पर यूपी के तीन इंजीनियर दोस्त ह्यूमन ट्रैफिकिंग का शिकार हो गए| म्यांमार में तीनों युवकों को बंधक बनाया गया है, जहां उनके साथ बर्बरता की जा रही है| इतना ही नहीं उनसे 18-20 घंटे काम लिया जा रहा है और साइबर ठगी करवाई जा रही है| जब वे इनकार करते हैं तो उन्हें इलेक्ट्रिक शॉक दिया जा रहा है| इनमें से दो दोस्तों ने एक वीडियो भेजकर परिवार और सरकार से वापस लाने की गुहार लगाई है| पीड़ितों में दो लखनऊ और एक युवक बाराबंकी का रहने वाला है|
इतना ही नहीं एक इंजीनियर से 8 लाख 15 हज़ार रुपए लेने के बाद भी उसे नहीं छोड़ा| रकम ट्रांसफर होने के बाद से इंजीनियर से परिजनों का संपर्क नहीं हो पा रहा है| उसके भाई ने डालीगंज में स्थित एंटी ह्यूमेन ट्रैफिकिंग यूनिट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है| एफआईआर में उसके दोस्त व एक मलेशिया एजेंट नामजद आरोपी है| फिलहाल एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है|
बाराबंकी निवासी अजय कुमार ने वीडियो भेजकर बर्बरता की दास्तां सुनाई है| उसके साथ लखनऊ का पंकज भी नजर आ रहा है, जबकि सागर चौहान के बारे में अजय कह रहा है कि उसे जेल में डाला गया है| वीडियो में वह कह रहा है कि चीन की कंपनी हैं, उनसे 18-20 घंटे साइबर फ्रॉड का काम करवाया जा रहा है| उसका कहना है कि यहां कोई सुनवाई नहीं है| वीडियो आने के बाद से परिजन परेशान हैं और भारत सरकार से सभी को मुक्त कराने की अपील कर रहे हैं|
हर दिन खाते से ट्रांसफर हो रहे एक लाख
मिली जानकारी अनुसार जोगिंदर ने बताया कि म्यांमार के किसी शख्स का खाता नंबर आदि दिया गया था। जिसमें डॉलर ट्रांसफर करने की बात कही थी। जो वह नहीं कर पाए। इसलिए उन्होंने पूरी रकम सागर के खाते में भेज दी। तब से हर दिन भाई के खाते से एक-एक लाख रुपये अलग-अलग खातों में भेजे जा रहे हैं। संबंधित बैंक से संपर्क कर उन खातों का विवरण मांगा है।
सागर को कर रहे सबसे ज्यादा प्रताड़ित
राहुल ने वीडियो में कहा, वह मलेशिया में कई महीने नौकरी कर चुका था। दोबारा वहां नौकरी करने के लिए सुपरवाइजर रॉबिन से संपर्क किया। उसके कहने पर अपने दो दोस्तों सागर और अजय को ले आया। इन लोगों ने मेरी म्यांमार की टिकट कराई। तब कुछ शक हुआ लेकिन रॉबिन ने कहा कि म्यांमार से मलेशिया भेजा जाएगा। इसलिए वह वहीं चला गया। राहुल के मुताबिक सभी को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर साइबर फ्राॅड कराया जा रहा है। सागर को अलग कमरे में बंद करके सबसे अधिक प्रताड़ित किया जा रहा है।