लखनऊ| व्हीएसआरएस न्यूज: महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपी बृजभूषण शरण सिंह से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है| सूत्रों के अनुसार, केसरगंज से बीजेपी बृजभूषण सिंह को टिकट नहीं देगी| गृह मंत्री अमित शाह आज लखनऊ दौरे पर हैं और बृजभूषण को बुलाकर या फ़ोन पर बात करेंगे और ये बतायेंगे कि इस बार उनको टिकट नहीं देंगे, लेकिन उनकी सहमति से उनके परिवार के किसी भी सदस्य को या जिसको वो चाहें उसको टिकट दे देंगे|
दरअसल, महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में फंसने के बाद भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह मुश्किलों में हैं| पार्टी की ओर से कैसरगंज सीट से उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए टिकट न दिए जाने को लेकर शुरुआत से ही अटकलें चल रही थीं| अब सूत्र इसकी पुष्टि कर रहे हैं और साफ कहा जा रहा है कि उन्हें पार्टी की तरफ से टिकट नहीं दिया जाएगा| उधर, भाजपा सांसद बृजभूषण शरण के खेमे में सांसद के छोटे बेटे और उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष करन भूषण शरण सिंह का नाम चर्चा में है| समर्थकों की ओर से सोशल मीडिया पर उनका नाम भी वायरल किया जा रहा है|
कैसरगंज सीट पर अब तक घोषित नहीं हुआ उम्मीदवार
बताते चलें कि यूपी की 80 सीटों पर लोकसभा चुनाव हो रहे हैं| बीजेपी 75 सीटों पर चुनाव लड़ रही है| जबकि पांच सीटें गठबंधन के सहयोगी दलों को दी गई हैं| बीजेपी ने अब तक 73 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं| सिर्फ कैसरगंज और रायबरेली को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हैं| यहां बीजेपी के उम्मीदवार घोषित होना बाकी है| कैसरगंज और रायबरेली सीट पर पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है| बृजभूषण सिंह दो बार गोंडा, एक बार बहराइच, कैसरगंज लोकसभा सीट से लगातार तीन बार सांसद हैं| वह पहले भी सपा के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत चुके हैं| कैसरगंज सीट स अपना पहला चुनाव ही बृजभूषण ने सपा के टिकट पर जीता था| कैसरगंज सीट पर सपा ने भी अब तक उम्मीदवार घोषित नहीं किया है| एनडीए में शामिल आरएलडी को बिजनौर और बागपत सीट मिली है| मिर्जापुर और रॉबर्टसगंज सीट अपना दल (एस) के खाते में आई है| घोसी सीट पर सुभासपा चुनाव लड़ रही है