- मांझागढ़ थाना क्षेत्र के तेलिया बांध गांव में दिया घटना को अंजाम
गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गर्लफ्रेंड के प्यार की राह में रोड़ा बनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात को अंजाम देकर पति अपने पूरे परिवार के साथ घर छोड़कर फरार हो गया है। घटना मांझागढ़ थाना क्षेत्र के तेलिया बांध गांव की है। मृतका इमरान अली की 30 वर्षीय पत्नी अमेया खातून थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। घटना के सम्बन्ध में मृतका के पिता व मीरगंज थाना क्षेत्र के कालोपट्टी गांव के बाबूद्दीन साईं ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी वर्ष 2014 में इमरान अली के साथ की थी। शादी के बाद उसकी बेटी को एक लड़की हुई। जिसकी अभी पांच वर्ष उम्र है। उन्होंने बताया कि उसके दामाद का पहले अपनी मंझली भाभी से अवैध सम्बन्ध था। बाद में किसी अन्य लड़की से उसका सम्बन्ध हो गया।
इसकी जानकारी जब उसकी बेटी अबेया खातून को हुई तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया। पति के अवैध सम्बन्ध की जानकारी मृतका ने अपनी भाभी से बताई थी। उसका पति विदेश में रहकर कमाई करता है। पिछले दो महीने पूर्व पति विदेश से बहार आया था। इसके बाद वह अपनी गर्लफ्रेंड से दूसरी शादी रचाने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। मृतका के पिता ने बताया कि बेटी ने पति के मोबाइल में उसकी गर्लफ्रेंड की तस्वीर भी देख ली थी। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो रहा था।
गुरुवार की शाम फिर अबेया के साथ प्रेम-प्रसंग का विरोध करने पर मारपीट की गई। थप्पड़ से उसके गाल पर कई बार वार किए गए हैं। जिसका निशान उसके चहरे पर साफ झलक रहा है। मारपीट के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई।
जब उसकी मौत हो गई तो पति ने अपने ससुराल में फोन पर मौत होने की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मृतका के मायके वाले बेटी के ससुराल पहुंचे। वहां जाने पर परिजनों ने देखा कि उसका शव घर पर पड़ा है और ससुरालवाले उसकी बेटी समेत फरार हैं। घटना की सूचना मांझागढ़ थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस सूचना मिलने के बाद मामले की जांच में जुट गई है।
—————————————
एक दिन पूर्व अबेया से मिलने गया था भाई
मृतका अबेया खातून का भाई फरमान अपनी बहन से मिलने के लिए उसके गांव तेलियाबांध गया था। जहां उसकी बहन ने अपने पति के अफेयर के बारे में बताया। उसने बताया कि उसके पति उसकी हत्या करने के बाद अपनी गर्लफ्रेंड से दूसरी शादी रचाने की धमकी भी दे रहा है। पूरी बात सुनकर भाई उसे अपने साथ घर चलने को कहा। लेकिन अबेया नहीं गई। उसके अगले दिन गुरुवार को उसके साथ मारपीट कर गला दबाकर हत्या कर दी गई।
—————————————
वर्जन
महिला की मौत होने सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अवैध सम्बन्ध का विरोध करने पर हत्या करने का आरोप मृतका के परिजन लगा रहे हैं। लिखित शिकायत अभी नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिनेश कुमार यादव, थानाध्यक्ष मांझागढ़।