गोपालगंज| व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के फरुसहा गांव में दहेज में चार लाख रुपए की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता की हत्या करने के बाद ससुराल वालों ने उसके शव को फांसी के फंदे से लटका दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद भी विजयीपुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार पुलिस बल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गोपालगंज जिले के ही हथुआ थाना क्षेत्र के बरवा कपरपुरा गांव के रहने वाले सोनू कुमार की बहन कुमारी की शादी फरुसहा गांव के गौरव कुमार गुप्ता के साथ एक मार्च 2017 को हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन बाद में चार लाख रुपए दहेज की मांग ससुरालवाले करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर बीनू कुमारी को उसके ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे।
इस बीच शनिवार की देर शाम उसकी हत्या करने के बाद शव को फांसी के फंदे से लटका दिया उधर इस मामले को लेकर मृतका के भाई सोनू कुमार के बयान पर बीनू के पति, सास-ससुर और तीन ननद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस की टीम मामले की छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि बिनू की एक छोटी बच्ची भी है। जिसका नाम आंचल कुमारी है। उसकी उम्र 3 वर्ष बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि महिला की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसकी हत्या कर शव को लटकाया गया है कि महिला ने खुद फांसी के फंदे से लटक कर अपनी जान दी है। इसकी पड़ताल की जा रही है। उधर इस मामले में मृतका के भाई ने हत्या करने के बाद शव को फांसी के फंदे से लटका ने की बात प्राथमिकी में कही है। पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।