गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के टेकनीवास गांव में सांप के काटने से एक किशोर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद महम्मदपुर थाना के पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि महम्मदपुर थाना क्षेत्र के टेकनीवास गांव के रहने वाले शंभू पासवान का पुत्र रितिक कुमार अपने घर में रविवार की रात सोया हुआ था। सोने के क्रम में सांप ने उसे डंस लिया। सांप के डंसने के बाद किशोर अचेत हो गया। परिवार के सदस्य उसे इलाज के लिए लेकर स्थानीय अस्पताल में पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां इलाज के क्रम में किशोर की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद महम्मदपुर थाना के पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। जहां डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया। उधर किशोर का शव जैसे ही उसके दरवाजे पर पहुंचा कि परिवार के सदस्यों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्य दहाड़ मार कर रोने लगे।
आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर परिवार के सदस्यों को समझाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा था। परिजनों की चीत्कार से पूरे गांव में माहौल गमगीन हो गया था। उधर बाद में किशोर के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।