मीरगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: निकाय चुनाव की सरगर्मी अब काफी तेज हो गई है। जहां चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं दूसरी तरफ नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने भी अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में लग गया है। प्रत्याशी चौक-चौराहों पर नुक्कड़ सभा व जुलूस भी करने लगे हैं।
चुनाव में प्रत्याशी को रोज होने वाले खर्च का ब्यौरा देना होगा। वहीं मुख्य, उपमुख्य पार्षद और वार्ड पार्षद के लिए ईवीएम में अलग-अलग कलर के स्टीकर होंगे ताकि वोटरों को समझने में कोई दिक्कत नहीं हो। एक वोटर को तीन पदों के लिए वोटिंग करनी है। इसलिए उनकी सहूलियत के लिए तीन अलग-अलग के स्टीकर वाले ईवीएम होंगे। वार्ड पार्षद पद के लिए काला, उपमुख्य पार्षद के लिए स्काई ब्लू और मुख्य पार्षद के लिए पीला स्टिकर लगाया गया है। मीरगंज नगर परिषद क्षेत्र में 18 दिसंबर को चुनाव होना है।
चुनाव को लेकर ईवीएम के मॉक पोल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पूर्व में गठित सभी कोषांगों ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। नगर निकाय चुनाव को लेकर एक बार फिर ट्रेनिंग दिया जाएगा। मालूम हो कि नगर परिषद मीरगंज में 28 पदों के लिए मतदान होगा। इसमें 26 वार्ड पार्षद, एक मुख्य और एक उपमुख्य पार्षद के पद शामिल है।
——————-
इसबार नहीं होगा नोटा:
इस बार नगर निकाय चुनाव के ईवीएम में नोटा का विकल्प नहीं रहेगा| किसी एक को प्रत्याशी को चुनना होगा| पिछले कुछ लोकसभा और विधानसभा चुनाव में नोटा वोटरों के लिए एक विकल्प के रूप में खूब चर्चित हुआ था। कई दफे नोटा को मिलने वाले वोट दर्जनों प्रत्याशियों से अधिक देखा गया था। इसबार नगर निकाय चुनाव में यदि आपको कोई प्रत्याशी पसंद नहीं हो फिर भी किसी एक को वोटिंग करनी होगी। दरअसल इसबार मतदान के लिए वोटरों को नोटा का कोई विकल्प नहीं मिलेगा।
—————
28 पदों के लिए 129 प्रत्याशी है चुनाव मैदान में :
मीरगंज नगर परिषद क्षेत्र से 28 पदों के लिए कुल 129 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है| इसमें मुख्य पार्षद के लिए 10, उप मुख्य पार्षद के लिए 12 तथा 26 वार्डों से कुल 107 प्रत्याशी शामिल है| वार्ड संख्या एक से अधिकतम आठ प्रत्याशी है जबकि छह वार्डों से दो -दो प्रत्याशी है|
———————–
नगर निकाय चुनाव की तैयारी लगभग अंतिम चरण में है| शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे| मीरगंज नगर परिषद में कुल 45 मतदान केंद्र पर वोट डाले जाएंगे|
राकेश कुमार, एसडीओ, हथुआ