गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोइनी गांव के समीप नेशनल हाईवे 27 पर बाइक के धक्के से एक महिला की मौत हो गई। मृतका कोइनी गांव के मुस्तफा मियां की 68 वर्षीय पत्नी तैबुन नेशा थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन करने में जुट गई है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कोइनी गांव की रहने वाली वृद्ध महिला अपने घर से बाजार पर कुछ सामानों की खरीदारी करने के लिए जा रही थी। इस बीच तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार ने उसे धक्का मार दिया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों व धक्का मारने वाले बाइक सवार की मदद से महिला को इलाज के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज के क्रम में वृद्ध महिला की मौत हो गई। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में महिला की मौत होने के बाद बाइक सवार धक्का मारने वाला फरार हो गया। खबर लिखे जाने तक महिला के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था।