- लोडेड देशी कट्टा और तीन कारतूस किया बरामद।
उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: थाना क्षेत्र के पिपराही गांव स्थित दाहा नदी पुल के समीप से पुलिस टीम ने एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश फैसल मियां टॉप टेन बदमाशों में शामिल है। यह उचकागांव थाने के पिपराही गांव का रहने वाला है। पूछताछ के बाद पुलिस ने मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार बदमाश के पास से एक लोडेड कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि जिले के टॉप टेन बदमाशों में शामिल एक कुख्यात पिपराही गांव स्थित दाहा नदी पुल के समीप अपराध को अंजाम देने के फिराक में है। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने पिपराही पुल के समीप छापेमारी कर एक लोडेड देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस के साथ एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जिसकी पहचान थाना क्षेत्र के पिपराही गांव के फैसल मियां के रूप में किया गया। गिरफ्तार बदमाश की पुलिस को 24 नवंबर 2021 को थाना क्षेत्र के अरना बाजार में हुए ज्वेलरी दुकान लूट कांड मामले में तलाश थी।
इसी कांड में गोपालगंज शहर के कोऑपरेटिव बैंक के सामने से 26 सितंबर 2022 को फैसल को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद वह हथकड़ी सरका कर फरार हो गया था। जिसके बाद मामले में नगर थाने में प्राथमिकी कराई गई थी। तब से पुलिस को उसकी तलाश थी। थाना क्षेत्र के पिपराही गांव के समीप 18 अगस्त 2022 को झीरवा पंचायत के मुखिया प्रोफेसर मोहम्मद नजीर आलम पर उनके निजी विद्यालय में हुए गोली कांड मामले में भी पुलिस जांच में फैसल मियां और उसके कुछ साथियों का नाम सामने आया था।
वैसे मामले में मुखिया ने प्रखंड प्रमुख विश्वजीत यादव, उनके पिता अरविंद यादव, चाचा राजीव पहलवान सहित तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी कराई थी। फैसल का नाम सामने आने के बाद पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। पुलिस के पूछताछ में गिरफ्तार फैसल मियां ने मुखिया पर हुए गोली कांड मामले में अपने संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने तीन अन्य साथियों के नाम को भी उजागर किया है।
फैसल पहले भी जा चूका है जेल :
गिरफ्तार फैसल को तत्कालीन थानाध्यक्ष अब्दुल मजीद ने थाना क्षेत्र के पिपराही पुल से 24 अप्रैल 2021 को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया था। जिसे प्राथमिकी करने के बाद जेल भेज दिया गया था। इसके पूर्व वर्ष 2019 में थावे थाने में भी चोरी की एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसमें वह वर्ष 2021 में जेल जा चुका है।
इसके अलावे उचकागांव थाने में मारपीट, गाली-गलौज, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट के चार अन्य मामले दर्ज हैं। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, सिपाही मृत्युंजय कुमार, राजीव रंजन, चौकीदार रवि कुमार मांझी, उपेंद्र कुमार यादव शामिल थे।