गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: पति के अवैध सम्बन्ध का विरोध करने पर नवविवाहिता को ससुरालवालों ने मारपीट कर अधमरा कर दिया। इससे नाराज होकर नवविवाहिता ने फांसी के फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी।
मृतका मांझागढ़ थाने के अहिरवलिया गांव के रामायण गिरि की 22 वर्षीय पुत्री व मीरगंज थाने के सतई गांव के नन्द किशोर गिरि की पत्नी काजल कुमारी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद मांझागढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के सम्बन्ध में मृतका के पिता रामायण गिरि ने बताया कि उसकी बेटी की शादी इसी वर्ष सात जुन को हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। एक महीना बितने के बाद काजल को पता चला कि उसके पति का अवैध सम्बन्ध उसके बड़े भाई की साली के साथ है। पति अक्सर अपने भैया की साली से फोन पर बातचीत करता है।
इसकी जानकारी मिलने के बाद काजल ने इसका विरोध शुरू किया। इससे नाराज होकर पति उसके साथ बराबर मारपीट करते रहता था। करीब चार दिन पूर्व पति ने अपनी पत्नी को उसके मायके भेज दिया। इसके बाद बाहर कमाने के लिए जाने की बात अपनी पत्नी को बताई। पत्नी ने उससे मिलने के लिए मायके होकर बाहर जाने की बात कही। इसपर पति ने अपने ससुराल आने से मना कर दिया। इसके बाद पत्नी ससुराल जाकर अपने पति से मिलने की बात कही तो कई तरह की उसे धमकी दी गई।
इसके बावजूद भी काजल अपने ससुराल गई। जहां उसे एक कमरे में बंदकर उसकी पिटाई की गई। मारपीट में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। मारपीट की सूचना काजल ने अपने भाई को फोन से दी। भाई ने इसकी जानकारी अपने पिता को दी। मारपीट की खबर मिलने के बाद काजल के पिता मौके पर पहुंचे तो वह गंभीर रूप से जख्मी हालत में अपने बेड पर पड़ी थी। उसके ससुरालवाले घर छोड़कर फरार हो गए थे। घायल हालत में पिता उसे लेकर मीरगंज थाने में पहुंचे तो पुलिस ने पहले इलाज कराने की बात कही। इसके बाद परिजन इलाज कराकर उसे अपने साथ मायके लेकर चले गए। मीरगंज थाने में मारपीट करने के मामले में कार्रवाई करने के लिए आवेदन दिया। इसके बाद पिता अपनी बेटी को लेकर अपने घर चले आये।
शुक्रवार की सुबह काजल अपने मायके में स्थित ऊपर के कमरे में गले में फांसी का फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। काजल की मौत के बाद मायके में कोहराम मचा हुआ है। मांझागढ़ थानाध्यक्ष दिनेश कुमार यादव ने बताया कि नवविवाहिता के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया गया है। परिजन मामले में आवेदन नहीं दिए हैं। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।