गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाने के भितभेरवा गांव में ट्रैक्टर के धक्के से पांचवी क्लास के एक छात्र की मौत हो गई। मृतक शंभू राम का 13 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार था।
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस ने मामले की छानबीन की। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के सम्बन्ध में बताया गया है कि छात्र नीतीश कुमार शुक्रवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पढ़ाई करने के लिए गया था। लंच के समय छात्र स्कूल से अपने घर खाना खाने के लिए आया था। खाना खाने के बाद छात्र वापस अपने घर से स्कूल जा रहा था। स्कूल जाने के दौरान रास्ते में ट्रैक्टर के धक्के से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए लेकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में घायल छात्र का इलाज इमरजेंसी वार्ड में किया गया।
इलाज के बाद छात्र को उसके परिजन लेकर घर जा रहे थे। तब तक रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत होने के बाद परिजन उसे वापस लेकर सदर अस्पताल में पहुंचे। जहां इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्र की मौत की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी गई। पुलिस सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई। उधर छात्र की मौत के बाद उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
परिवार के सदस्यों के आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा था। आसपास के लोग परिजनों को समझने की कोशिश कर रहे थे। मगर परिजन लगातार रो-बिलख रहे थे।