उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: उचकागांव प्रखंड के मकसूदपुर में बुधवार की देर शाम विकसित भारत संकल्प यात्रा के क्रम में केंद्र सरकार के गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने भाजपा द्वारा आयोजित मोदी किसान चौपाल में उपस्थित किसानों से संवाद करते हुए केंद्र सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र सरकार के पूरे नौ वर्षों के कार्यकाल में किसानों के हित में कार्य किया है।
किसानों को खेती करने में लागत कैसे कम हो और आमदनी बड़े इस पर केंद्र सरकार ने बृहद रूप से योजनाएं चलाई हैं। किसान खेती कर सकें इसलिए प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना से प्रत्येक चार माह पर किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये भेजी जाती हैं। बिहार में अब तक 85 लाख से अधिक किसानों के खाते में इस योजना से 19 हजार करोड रुपये की राशि आ चुकी है।
गोपालगंज जिले की बात करें तो कम से कम पांच सौ करोड़ रुपये की राशि गोपालगंज के किसानों के खाते में केंद्र सरकार भेज चुकी है। किसानों की उपज बढ़े इसलिए सरकार विदेश से महंगे रासायनिक खाद खरीद कर किसानों को सस्ते दर पर उपलब्ध कराती है।
वर्ष 2014 से पहले जहां गेहूं की कीमत बारह सौ से 14 सौ रुपये तक थी। वहीं नरेंद्र मोदी सरकार प्रत्येक वर्ष किसानों के अनाज की एमएसपी तय करती है। किसानों से 25 सौ रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीद कर गरीबों को मुफ्त में उपलब्ध कराती है। समूह में 10 किसानों को किसी भी दुकान से पंप सेट लेने पर अनुदान उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार वर्ग चार जाति की बात करते हैं।
जिसमें एक किसान, एक महिला, एक युवा और एक गरीब को लेकर सभी वर्गों के लोग शामिल हो जाते हैं। जहां पहले किसानों को महंगे दर पर डीजल खरीद कर खेतों की सिंचाई करनी पड़ती थी।
वहीं अब केंद्र सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय विद्युत ज्योति योजना से प्रत्येक नलकूप तक बिजली उपलब्ध करा कर बहुत सस्ते दर पर खेतों की सिंचाई करने की व्यवस्था की गई है। जिले में स्थित प्रत्येक केवीके के द्वारा पांच गांवों को गोद लेकर मुफ्त में कृषि के लिए बीज उपलब्ध कराई जाती है। नरेंद्र मोदी सरकार मोटे अनाजों को बढ़ावा देने के लिए मुफ्त एवं अनुदानित दर पर जौ, चना, अरहर, मसूर, चीना, कोदो, बाजरा, तीसी आदि की खेती को भी बढ़ावा दे रही है।
किसानों को खेत की किस्म के अनुसार खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कोई भी उद्योग घाटे में जाने के बाद बंद हो जाती है। परंतु हमारे किसान ही है जो खेती घाटे में जाने के बावजूद खेती को नहीं छोड़ते हैं।
इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के उत्तम खेती, उत्तम किसान, विकसित भारत, विकसित राष्ट्र के संकल्प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार को आगामी लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से जीत दिलाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में सौ से अधिक किसानों को साल देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर पूर्व मंत्री जनक राम, सदर विधायक कुसुम देवी, पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी, जिलाध्यक्ष मंटू गिरि, विनोद कुमार सिंह, ओमप्रकाश सिंह, दीपक कुमार, राजेश तिवारी, कृष्णा तिवारी, टुन्नू तिवारी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।