उचकागांव| व्हीएसआरएस संवाददाता: आज शनिवार को उचकागांव थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान सात मामलों की सुनवाई की गई।
जनता दरबार के दौरान दहीभाता गांव के रंजन यादव और अशोक यादव के बीच चल रहे जमीनी विवाद की सुनवाई की गई। जनता दरबार के दौरान प्राप्त साक्ष्य के आधार पर पाया गया कि आवेदक रंजन यादव की मां राधिका देवी के नाम से खरीदी गई बैनामा जमीन पर विपक्षी अशोक यादव के द्वारा पिछले 20 वर्षों से आवासीय मकान निर्मित है।
दोनों पक्षों द्वारा जनता दरबार के दौरान उक्त विवादित भूमि पर अपना हक जमाया जा रहा था। जिसके बाद पदाधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों को मामले के निष्पादन के लिए सक्षम न्यायालय में जाने का निर्देश दे दिया गया। इस दौरान परसौनी खास गांव के जनार्दन महतो के द्वारा लगनदेव सिंह, परसौनी खास गांव के पिपराही टोला के महेश्वर महतो के द्वारा गांव के रामनरेश महतो, सिसवनिया गांव के बाबूलाल राय के द्वारा महातम राय, चकयोगा गांव के रामसागर शर्मा के द्वारा उमावती देवी के विरुद्ध जमीनी विवाद को लेकर सीओ रवीश कुमार को आवेदन दिया गया।
जिसमें सीओ रविश कुमार के द्वारा सभी मामलों में दोनों पक्षों को साक्ष्य के साथ अगले जनता दरबार में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। मौके पर हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार व थानाध्यक्ष अब्दुल मजीद थे|