गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज के मजदूर की हैदराबाद में हत्या हो गई। हत्या का कारण यह था कि उसने मछली बनाने से इनकार किया। इससे गुस्साए आरोपी ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान थावे थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी शिव प्रसाद साह के बेटा जादो लाल के रूप में की गई है।
हत्या का आरोप उसी गांव के दो लोगों पर है। जादो लाल का शव शनिवार की सुबह गांव पहुंचा। जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने उसके शव को आरोपियों के घर के दरवाजे पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की गुहार लगाई।
यह है पूरा मामला
मिली जानकारी अनुसार थावे थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी शिव प्रसाद साह चार बेटों में तीन की पहले ही मौत हों चुकी है। परिवार का मात्र एक बचा सदस्य जो बाहर में पैसा कमा कर पूरे परिवार का पालन पोषण करता था। शिव प्रसाद साह का सबसे छोटा बेटा जादो लाल साह तीन साल से अपने ही गांव के ठेकेदार संजीत मिश्रा और रंजीत सिंह के लिए हैदराबाद शहर में काम करता था।
दो महीने की सैलरी थी बाकी
परिजनों का आरोप है कि जादो लाल एक फरवरी को दो माह का पगार मांगा तो दोनों ठेकेदारों से बहस हुई। उसके बाद उसी दिन शाम को संजीत मिश्रा ने मछली बनाने को कहा- लेकिन जादो लाल ने मछली बनाने से इंकार कर दिया। इससे नाराज होकर दोनों ने बेहरमी से लात घूसों से पीट-पीट कर जख्मी कर दिया। स्थानीय लोगों ने हैदराबाद शहर के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के क्रम मजदूर जादो लाल की मौत हो गई।
आपको बताते चलें कि मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी लालमुनी देवी ने बताया कि दो लड़के आकाश कुमार और पवन कुमार, तथा दो बेटी ज्योति कुमारी और मधु कुमारी है। वहांं हैदराबाद पुलिस द्वारा पोस्टमॉर्टम कराने के चार दिन बाद शव शुक्रवार को नारायणपुर गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही उग्र ग्रामीणों ने शव को ठेकेदार संजीत मिश्रा के दरवाजे पर रखकर न्याय की गुहार लगाने लगे।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थावे पुलिस ने न्याय दिलाने का आश्वासन देते हुए, मामले को शांत कराया। पुलिस के देख रेख में दाह संस्कार कराया गया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया की मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।