गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के वृंदावन तकिया टोला गांव में पूर्व से चल रहे जमीन विवाद को लेकर दो महिला समेत पांच लोगों को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। घटना की सूचना स्थानीय थाना की पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।
बताया जा रहा है वृंदावन तकिया टोला गांव के अजय तिवारी के साथ उनके पड़ोस के लोगों से जमीन का विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर पड़ोसी मंगलवार की देर रात गाली गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर उक्त लोगों ने लाठी-डंडे व बंदूक के कुंदे से हमला कर पांच लोगों को घायल कर दिया।
घायलों में अजय तिवारी, मुन्ना तिवारी, अंकित कुमार तिवारी, रिंकू देवी और रानी देवी शामिल हैं। मौके पर मौजूद अन्य लोगों के बीच-बचाव करने के बाद मामला जब शांत हुआ तो इलाज के लिए उन्हें गोपालगंज सदर अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
इस घटना की सूचना उचकागांव थाना की पुलिस और नगर थाना की पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद नगर थाने के सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे और मारपीट में घायल लोगों का बयान दर्ज कर लिया।
बयान दर्ज करने के बाद पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। मारपीट में घायल महिलाओं ने गले से सोने की चेन समेत अन्य सामान छीन लेने का भी आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में घायलों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।