उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: प्रखंड के बलेसरा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सह उप प्राचार्य ब्रजकिशोर सिंह के सेवानिवृत्त होने पर बुधवार के दिन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें उनके सेवानिवृत्त होने पर समारोह पूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वर्तमान प्रभारी प्राचार्य सह पीजीटी भौतिकी शिक्षक अमरनाथ जयसवाल ने कहा कि सेवानिवृत्त प्रभारी प्राचार्य बीके सिंह ने विद्यालय में अपने चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया। इन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान उत्कृष्ट शिक्षक व प्राचार्य की भूमिका निभाने के साथ-साथ छात्र, शिक्षकों और अन्य कर्मियों के साथ मृदुभाषी और मित्रवत व्यवहार करते हुए विद्यालय परिसर में एक बेहतर व्यवहार बनाने का काम किया जिसके लिए उन्हें सदा याद रखा जाएगा।
नवोदय विद्यालय के हिंदी शिक्षक कृष्णमणि मिश्रा ने सेवानिवृत्त प्रभारी प्राचार्य बीके सिंह के वर्ष 1989 में जवाहर नवोदय विद्यालय समस्तीपुर में पीजीटी हिंदी के शिक्षक के रूप में कार्यकाल शुरू करने से लेकर जवाहर नवोदय विद्यालय गोपालगंज में उप प्राचार्य और प्रभारी प्राचार्य रहते हुए सेवानिवृत्त होने तक के 33 साल के कार्यकाल के आधार पर तैयार किए गए सम्मान पत्र सौंपते हुए उनके सेवाकाल की जमकर सराहना की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक एवं विद्यार्थियों के द्वारा गुलदस्ता, उपहार, अंग वस्त्र आदि देकर उन्हें सम्मानित किया गया एवं उनके जीवन काल में बेहतर करने की शुभकामनाएं दी।
इस दौरान छात्रों द्वारा प्रभारी प्राचार्य के सेवानिवृत्त होने पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों का मन मोह लिया गया। मौके पर शिक्षक पवन कुमार झा, रमाशंकर गुप्त, संतोष कुमारी चौरसिया, अर्चना गांधी, हमदम अंजुम, जितेंद्र गुप्ता, रामाशीष सिन्हा, शिखा गौड़ आदि शिक्षक मौके पर उपस्थित थे।