गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज में 24 साल के युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। नगर थाना क्षेत्र के अधिवक्ता नगर वार्ड नंबर 14 स्थित एक किराए के कमरा में रह कर युवक पढ़ाई कर रहा था।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गेट तोड़ा तो मिला युवक का शव
मृतक की पहचान विशंभरपुर थाना क्षेत्र के सलेहपुर गांव निवासी अबरे आलम का बेटा आफताब आलम के रूप में की गई। मिली जानकारी अनुसार बताया जाता है कि मृतक की फुआ गोपालगंज किसी काम से आ रही थी।
इसी बीच मृतक आफताब की मां ने अपने बेटा के लिए कुछ सामान भेजा था। इसे देने के लिए फुआ उसके कमरे के पास पहुंची। जब उसने दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई तो किसी ने गेट नहीं खोला।
इसके बाद फुआ ने युवक के मोबाइल पर फोन किया। लेकिन उसका फोन भी रिसीव नहीं हो रहा था। तब उसकी फुआ ने आसपास के लोगों की मदद से दरवाजे को तोड़ा। इसके बाद युवक को पंखे से फंदा लगाकर झुलता देखा। युवक की फुआ ने इसकी सूचना तत्काल घरवालों को दी। इसके बाद सूचना पाकर पूरा परिवार गोपालगंज पहुंच गया।
2022 से ऑनलाइन आईएएस की तैयारी कर रहा था युवक
परिजनों ने स्थानीय थाना को घटना की सूचना दी। स्थानीय थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक के चाचा ने बताया कि वह 2022 से किराए के मकान में रहकर ऑनलाइन आईएएस की तैयारी करता था। किसी बात की कोई कमी नहीं थी। न ही वह परेशान था।
उसके पिता और भाई विदेश सऊदी में रहते हैं। घर पर मृतक की मां और बहन रहती है। जबकि मृतक आफताब किराए के मकान पर रहकर पढ़ाई करता था। फिलहाल इस घटना के बाद पूरे परिवार में कोहरा मचा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।