उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: जमसड़ बाजार में कांग्रेस पार्टी ने जय भारत सत्याग्रह के तहत धरना प्रदर्शन किया। इसमें प्रदेश, जिले व प्रखंड के काफी संख्या में कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस पार्टी के युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह जिला प्रभारी गुंजन पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का देश की आजादी की लड़ाई से लेकर देश के विकास में बहुत बड़ा योगदान रहा है।
कांग्रेस पार्टी देश के गरीब, पिछड़े व वंचितों के लिए नीतियां बनाती है और उसके अनुसार कार्य करती है। परंतु केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार देश को बांटने और गिरवी रखने की नीति पर कार्य कर रही है। देश के संसाधनों को पूंजिपतियों के पास गिरवी रख रही है।
केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण नोटबंदी लाया गया। उसके बाद देश के लोगों ने कोरोना के साथ साथ केंद्र सरकार की गलत नीतियों को झेला। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण अमीर और अमीर होते जा रहे हैं और गरीब और गरीब होते जा रहे हैं। पूरे देश के लोगों की निगाहें राहुल गांधी की तरफ थीं। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक चार हजार किलोमीटर तक की पदयात्रा पूरी की थी और देश को नारा दिया कि नफरतों के बाजार में हम मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की गलत नीतियों के विरुद्ध संसद भवन में केंद्र सरकार से सवाल किया कि केंद्र सरकार के जो पूंजीपति मित्र हैं उनका लगाया गया 20 हजार करोड रुपये किसके हैं।
उन्होंने संसद भवन में मांग किया था कि ज्वाइंट पार्लियामेंट्री कमिटी का गठन कर अडानी के तेजी से कमाने के रहस्य की जांच की जाए। उन्होंने संसद भवन में सवाल किया था कि अडानी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से क्या संबंध है। जिसका फायदा उठाते हुए देश से लेकर विदेश तक कोई भी कांट्रेक्ट उन्ही को मिल रहा है। इसी पोल खुलने के डर से विपक्ष को डराने और दबाने के लिए प्रधानमंत्री के इशारे पर चोर को चोर कहने पर, भ्रष्टाचार को भ्रष्टाचार कहने पर देश में पहली बार किसी नेता पर मानहानि का मुकदमा किया गया और देश में विपक्ष के सबसे बड़े नेता को न्यायालय से दो वर्ष की सजा सुनाने के बाद उनकी 24 घंटे के अंदर संसद सदस्यता समाप्त कर दी गई।
कांग्रेस ने इसे चैलेंज के रूप में लिया है। अब कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश से लेकर प्रखंड प्रखंड, पंचायत व गांव गांव जाकर राहुल गांधी की नीतियों को देश के लोगों को अवगत कराएंगे और लोकतंत्र को बचाने के लिए 17 अप्रैल को कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।
कार्यक्रम को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इफ्तेखार हैदर, ईंटक के ताहिर हुसैन, जटाशंकर सिंह, नागेंद्र तिवारी, मोहन सिंह, रामकुमार मांझी, सुरेंद्र कुमार, सुरेश सिंह सहित कई पार्टी कार्यकर्ताओं ने सभा को संबोधित किया।