गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता : जिले के विजयीपुर थाने के रौतारी गांव में समीप ट्रक के धक्के से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वह पत्नी को बुलाने बाइक से ससुराल जा जा रहा था।
मृतक हंकारपुर गांव के पूर्णमासी राम का पुत्र विनय राम था। हादसे की सूचना मिलने के बाद विजयीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर शाम विनय राम बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी को बुलाने के लिए अपने ससुराल महुअवा जा रहा था। वह जैसे ही रौतारी गांव के समीप पहुंचा कि तेज रफ्तार से जा रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।
मृतक की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। वह मुंबई में रहकर प्राइवेट काम करता था। जिससे उसके परिवार का भरण पोषण होता था। मुंबई से वह दो दिन पूर्व ही घर आया था। इसी बीच अपने पत्नी को लाने अपने ससुराल जा रहा था तभी यह हादसा हो गया। हदसे की खबर मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।