मीरगंज | व्हीएसआरएस न्यूज: मीरगंज शहर के सभी छठघाट चकाचक होंगे। इसके लिए नगर पंचायत ने सभी छठघाटों की सफाई कार्य शुरू करा दी है। इस बार छठ महापर्व के एक सप्ताह पूर्व ही सभी घाटों की सफाई कार्य को पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया है। शहर के प्रमुख छठघाट के रूप में विख्यात प्रज्ञा नगर के तालाब व घाटों की सफाई शुरू युद्ध स्तर पर चल रही है। तालाब से शैवाल व अन्य गंदगी को निकालने के लिए ढ़ाई दर्जन मजदूरों को लगाया गया है। साथ ही तालाब में ओवर हुए पानी को निकालने के लिए पम्प सेट लगाए गए है जिससे पानी खींच कर कपरपुरा के नहर में गिराया जा रहा है। साथ ही तालाब में गिर रहे नाले को बंद कर दिया गया है। इसको लेकर भी नगर पंचायत गंभीर है।
चेयरमैन मोहिता कुमारी ने कर्मियों को सख्त हिदायत दी है कि छठघाट की सफाई में कोई कोताही बर्दास्त नहीं की जायेगी। लोक आस्था के इस महापर्व के मनाने में व्रतियों व आम लोगों को कोई भी शिकायत न मिले। इसको लेकर भी ध्यान रखा जा रहा है। हथुआ मोड़ के इस घाट पर हजारों की तदाद में व्रती अर्घ्य देने पहुंचते है। इसके अलावे शहर के वार्ड संख्या 1, 3,12,14,15 व 16 के भी छठघाटों की सफाई में कर्मियों को लगाया गया है। वार्ड संख्या 3 में घाट तक जाने के लिए एप्रोच रोड भी निकाला जा रहा है। साथ ही रंगाई-पुताई के साथ लाइट की भी व्यवस्था नगर प्रशासन के की ओर से करने का निर्देश दिया गया है।
शहर के इतिहास में यह पहला मौका होगा कि छठ पर्व से काफी समय पहले ही सभी छठघाटों को चकाचक कर लिया जाएगा। प्रज्ञा नगर छठघाट पर व्रतियों की भीड़ उमड़ती है। इस घाट की खासियत यह है कि बहुत बड़े भू-भाग में यह फैला है। साथ ही तालाब में पक्के घाट बनाए गए है। चारों तरफ से पीसीसी रोड भी बना हुआ है। घाट का मनोरम दृश्य लोगों को लुभाता है। वहीं पर्व के दिन की सजावट व लाइटिंग इसकी सुंदरता में चार-चांद लगा देते है। जिससे घाट पर लोग जाने को बाध्य हो जाते है।
मीरगंज शहर के प्रज्ञा नगर स्थित छठघाट पर चल रहे सफाई कार्य का जायजा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल ने लिया। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि ज्वाला कुमार के साथ वार्ड पार्षद मिथिलेश तिवारी थे। निरीक्षण के बाद कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल ने मजदूरों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही तालाब से जलकुंभी निकालने के बाद छिड़काव,मिट्टी भराई आदि कार्य कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि इस बार समय के काफी पहले ही सफाई कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। तालाब से पानी निकालने के लिए कार्य चल रहे है।
वही नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी श्री केशव गोयल ने बताया कि इस वर्ष छठ पर्व को यादगार बनाने के लिए शहर के प्रमुख छठघाटों पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। लाइट व सजावट से घाटों को भव्य व आकर्षक रूप प्रदान की जाएगी। साथ ही व्रतियों के लिए टी तथा गर्म पानी का स्टॉल लगाया जाएगा।युद्ध स्तर पर प्रज्ञा नगर के घाट की सफाई की जा रही है।