उचकागांव | व्हीएसआरएस न्यूज: स्थानीय थाने के त्रिलोकपुर गांव में हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे लोगों द्वारा इलाज के लिए हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के दौरान एक 50 वर्षीय अधेड़ भी जख्मी बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार त्रिलोकपुर गांव के राज बहादुर सिंह के 30 वर्षीय बेटा अमरजीत सिंह राजमिस्त्री का काम करते हैं। शनिवार की सुबह वह अपने गांव के सतार मियां के निर्माणाधीन घर में काम करने के लिए गए हुए थे। घर में लगाने के लिए लोहे का रॉड सीधा करने के दौरान लोहे के रड का एक सिरा सड़क के बगल से बहुत कम ऊंचाई से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार के चपेट में आ गया। जिसके चपेट में आने से अमरज सिंह बुरी तरीके से जख्मी हो गए। घटना के दौरान सत्तार मियां भी जख्मी बताया जा रहा है।
घटना के बाद लोगों द्वारा अमरजीत सिंह को इलाज के लिए हथुआ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस द्वारा मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद से मृतक राजमिस्त्री की पत्नी मिमिनी देवी का रो रो कर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि अमरजीत सिंह का विवाह सिवान जिले के करछुई गांव के मिमिनी देवी से लगभग 6 वर्ष पहले हुआ था। शादी के बाद मृतक का 5 वर्ष का बेटा और 3 वर्ष की बेटी बताई जा रही है। घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है। मामले में मृतक राजमिस्त्री अमरजीत सिंह के पत्नी देवी के आवेदन पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।