मधुबनी । व्हीएसआरएस न्यूज: बेनीपट्टी प्रखंड के सरिसब गांव में दीपावली की रात काफी दर्दनाक भरी रही। पूरी रात गांव में कोहराम मचा रहा। कल दीपावली की शाम में घटी इस घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया। देखते ही देखते दो परिवारों का दीपक हमेशा के लिए बुझ चुका था। चारों तरफ बस लोगों की चित्कार गूंज रही थी। लोगों की दीपावली की खुशियां एक झटके में समाप्त हो गई। बीच सड़क गांव के दो नवयुवकों का कुचला हुआ शव पड़ा हुआ था। दोनों परिवार के स्वजन घटना से बेसुध थे। लोगों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया। देर रात तक प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी होती रही। आखिरकार, आधी रात के समय पुलिस-प्रशासन से वार्ता के बाद सड़क जाम हटाया गया। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ मनोज कुमार, सीओ पल्लवी कुमारी गुप्ता, पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार, थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह सरिसब गांव पहुंच चुके थे। उग्र ग्रामीण प्रशासन से एक सप्ताह में मृतकों के स्वजनों को मुआवजा भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए। गांव के रविंद्र झा, पवन भारती, विजय यादव आदि ने बताया कि दीपावली की यह काली रात पूरे गांव को हमेशा याद रहेगा। गांव के नवयुवक शिक्षक उमेश कुमार यादव अपने विद्यार्थी विष्णु ठाकुर के साथ गांव स्थित अपने कोचिंग पर दीया जलाने पहुंचे थे। उसी दौरान ट्रक ने उन दोनों को कुचल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार दीपावली की शाम एसएफसी गोदाम अनाज उतार कर लौट रहे खाली ट्रक ने बेनीपट्टी ब्लॉक रोड में दो लोगों को कुचल दिया। वहां से ठोकर मार कर तेजी से भाग रहे ट्रक ने सरिसब गांव में भी दो लोगों को कुचल दिया। इसके बाद ट्रक वहां से थोड़ी दूरी पर गड्ढ़े में पलट गया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने शव के साथ बेनीपट्टी-मधुबनी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था।