पटना । व्हीएसआरएस न्यूज: बिहार में ठंड लगातार बढता जा रहा है| वही राजधानी पटना समेत राज्य के अलग अलग हिस्सों में ठंड बढ़ रही है। सुबह और शाम में तापमान गिरता जा रहा है। आने वाले दो दिनों में ठंड के और बढ़ने के आसार हैं। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी गिरावट जारी है। बुधवार को पटना में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। गया राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान सबौर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा।
जबकि पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में इन दिनों ठंड बढ़ने का कारण पश्चिम से आने वाली हवा है। इससे राज्य में अगले दो दिनों में ठंड और बढ़ेगी। फिलहाल पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवात का दबाव बना हुआ है। इस कारण बिहार के कुछ भागों में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। हालांकि, बारिश की कोई संभावना बनती नजर नहीं आ रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आकाश में बादल छाने के कारण रात के तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है।
आपको बताते चले की सुबह व शाम में कम तापमान स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक बताया जा रहा है। इस मौसम में सर्दी-बुखार के साथ एलर्जी के बढ़ने की आशंका भी रहती है। खासकर बच्चों में एलर्जी की आशंका अधिक होती है। ऐसे में ठंड से बचाव के साथ साफ-सफाइ पर पूरा ध्यान देना भी जरूरी है।