पटना । व्हीएसआरएस न्यूज: सिख पंथ के प्रथम गुरु नानक देव जी महाराज की जयंती को लेकर गुरुवार की सुबह पांच बजे पटना सिटी के तख्त श्री हरिमंदिर साहिब परिसर से निकली यह प्रभात फेरी अशोक राजपथ होते ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का बाग पहुंची। प्रभात फेरी में शामिल सिख श्रद्धालओं ने गुरु का बाग गुरुद्वारा में नतमस्तक होने के बाद प्रथम गुरु नानक देव की जीवनी सुनी। कथा-प्रवचन के बाद प्रभात फेरी गुरु का बाग गुरुद्वारा से अशोक राजपथ मार्ग होते तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब लौटी। गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व पर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में 30 नवंबर को मुख्य समारोह में विशेष कीर्तन व कवि दरबार में संगत निहाल होंगे।
आज गुरुवार को मार्ग में विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरी का स्वागत किया गया। प्रभात फेरी में शामिल महिलाएं, बच्चे-बच्चियां एवं पुरुष शबद कीर्तन करते चल रहे थे। प्रभात फेरी के आगे-आगे पंज-प्यारों में सरदार परमजीत सिंह, मुरारी सिंह, गुरमीत सिंह, खुशवंत सिंह, रंजीत सिंह, सुदेश्वर सिंह, सुरजीत सिंह बरनाला, दिलीप सिंह शेरू, विनोद सिंह, राजदेव सिंह, देवराज सिंह चल रहे थे। बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के नारों से पटना का अशोक राजपथ मार्ग गूंजता रहा।
आपको बताते चले शुक्रवार की सुबह निकलने वाली प्रभातफेरी अशोक राजपथ होते सोनार टोली गुरुद्वारा का दर्शन कर तख्त साहिब लौटेगी। शनिवार को भी तख्त श्री हरिमंदिर साहिब से निकली बड़ी प्रभात फेरी अशोक राजपथ, चमडोरिया, पूरब दरवाजा, मोर्चा रोड, पटना साहिब स्टेशन, चौकशिकारपुर, श्री गुरु गोविंद सिंह पथ, चौक होते तख्त श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचेगी। शनिवार को गुरुनानक देव की जयंती को लेकर गुरु के बाग में त्रिदिवसीय अखंड पाठ रखा जाएगा। वहीं रविवार को अखंड पाठ की समाप्ति के बाद दोपहर दो बजे गुरु का बाग से नगर कीर्तन निकलेगा।