कैमूर| व्हीएसआरएस न्यूज: गृह विभाग के निर्देश के आलोक में शनिवार को सदर एसडीओ जन्मेजय शुक्ला व एसडीपीओ सुनीता कुमारी ने स्टेट बैंक मुख्य शाखा समेत दो अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान हर पहलुआें पर जानकारी ली गई। बैंक में सुरक्षा के लिए कितने गार्ड हैं। सीसीटीवी कैमरे की क्या स्थिति है समेत कई बिंदुओं पर एसडीओ ने शाखा प्रबंधक से जानकारी ली। इसके अलावा अन्य दोनों प्रतिष्ठानों में भी सूचना की व्यवस्था, सुरक्षा कर्मियों की संख्या आदि बिंदुओं पर जांच पड़ताल की।
गृह विभाग के निर्देश पर की गई जांच-पड़ताल
निरीक्षण के संबंध में एसडीओ ने बताया कि गृह विभाग के निर्देश पर बैंक व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई है। इस दौरान मुख्यत: सुरक्षा को लेकर जांच पड़ताल की गई। बैंक में यह देखा गया कि कितने सीसीटीवी कैमरे हैं। जितने हैं उनमें कितने चालू हालत में हैं और कितने बंद हैं। बैंक की सुरक्षा के लिए कितने गार्ड हैं, गार्डों की संख्या कम है या अधिक इन बिंदुओं पर जांच पड़ताल की गई।
आपात स्थिति से निबटने की व्यवस्था
वहीं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में दो मॉल की जांच की गई। वहां भी यह देखा गया कि मॉल में कितने कर्मी कार्य कर रहे हैं। मॉल में यदि किसी तरह की कोई घटना होती है तो उस समय निपटने की क्या व्यवस्था है। सूचना देने के लिए क्या व्यवस्था की गई है। मॉल में आवश्यक मोबाइल नंबर उपलब्ध है या नहीं। मॉल में ग्राहकों के सामग्री लेने की क्या व्यवस्था है। एक साथ कितने लोगों को मॉल में अंदर प्रवेश करने की अनुमति है। जो लोग आ रहे हैं या जो कर्मी हैं वे कोरोना के गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं या नहीं। हालांकि बिहार में बैंकों व मॉल को अपराधी निशाना बना रहे हैं। आए दिन वे लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।