नवादा| व्हीएसआरएस न्यूज: जिलाधिकारी यशपाल मीणा ने कहा है कि होली और शब-ए-बरात पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए हर प्रकार की तैयारियां की गई हैं। सभी थानो में शांति समिति की बैठक की गई है। पूर्व में जहां घटनाएं हुई हैं, वहां विशेष नजर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार संपन्न होगा। हिदायत दी कि गंगा-जमुनी तहजीब में खलल डालने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। असामाजिक गतिविधियों के लिए नो टॉलरेंस के सिद्धांत का पालन किया जाएगा। वे शनिवार को समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
जब्त किए जाएंगे सभी डीजे
वही डीएम ने बताया कि सभी डीजे जब्त किए जा रहे हैं। अभी तक 232 डीजे जब्त किए जा चुके हैं। शराबबंदी को प्रभावी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध हैं। लगातार छापेमारी की जा रही है। मार्च में उत्पाद व पुलिस महकमे ने कुल 625 छापेमारी की। इसके अालोक में 220 एफआइआर दर्ज की गई। इसमें 243 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिले में 2016 से अबतक 3 लाख 63 हजार 861 लीटर शराब जब्त की गई।
जाम की समस्या दूर करने पर हुई है चर्चा
आपको बताते चले कि रजौली में समेकित चौकी पर नियमित जांच में शराब पकड़ी जा रही है। इस दौरान ट्रैफिक जाम की समस्या आ रही थी। इस बाबत कोडरमा के अधिकारियों से बैठक की गई है। हरेक मसलों पर विचार हुआ है। चर्चा में सामने आया कि सड़क पर गड्ढे हैं। वाहन चालक गाड़ी बेतरतीब ढंग से गाड़ी खड़ी कर देते हैं। जिसके चलते जाम लग रहा है। जांच में कोडरमा के अधिकारियों ने सहयोग का भरोसा दिया है। यात्रियों को समस्या न हो इसके लिए कार्रवाई कर रहे हैं।