वैशाली| व्हीएसआरएस न्यूज: वैशाली जिले में बीती रात एक युवक की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। युवक का शव महुआ-मुजफ्फरपुर मार्ग पर महुआ थाना क्षेत्र के हकीमपुर गांव के निकट मिला है। सुबह टहलने निकले लोगों ने सड़क किनारे पड़ा शव देखा तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मारे गए युवक की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र के प्रतापटांड गांव निवासी सुधाकर सिंह के रूप में हुई है। वह महुआ थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव स्थित अपने ससुराल जा रहा था। वह बंगलोर में किसी निजी कंपनी में काम करता था। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही महुआ पुलिस एवं कटहरा ओपी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।
शव देखकर फैल गई सनसनी
मिली जानकारी के अनुसार महुआ-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर हकीमपुर गांव के निकट शुक्रवार की अलसुबह लोगों की नजर एक 40 वर्षीय युवक की क्षत-विक्षत शव पर पड़ी। सड़क किनारे युवक की शव देख लोगों की भारी भीड़ जुट गई तथा इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही महुआ थानाध्यक्ष कृष्ण नंदन झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष झा ने बताया कि मृत युवक लालगंज थाना क्षेत्र के प्रतापटांड गांव का रहने वाला है। उसकी पहचान 40 वर्षीय सुधाकर सिंह के रूप में की गई है। युवक के साला ने पुलिस को बताया कि मृत युवक बंगलोर में एक फैक्ट्री में काम करता था वहां से अपने घर लौट रहा था।
फोन कर दी थी बंगलोर से लौटने की सूचना
आपको बताते चले कि युवक की शादी महुआ थाना क्षेत्र के चकमजाहिद चैनपुर गांव में रामवृक्ष सिंह की पुत्री से हुई थी। सुधाकर सिंह की पत्नी अभी अपने मायके चैनपुर में ही थी। युवक ने बंगलोर से आने की सूचना अपने साला को मोबाइल फोन के जरिए दिया तथा गुरुवार की शाम 7:30 बजे वह हाजीपुर पहुंचा। इसके बाद उसका मोबाइल फोन ऑफ हो गया देर रात इसकी सूचना उसके साला ने हाजीपुर एवं महुआ पुलिस को दी कि उसके बहनोई का मोबाइल बंद है।
वही शुक्रवार की अहले सुबह एक युवक की शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इसकी सूचना उसके ससुराल वालों को दी। सूचना मिलते ही ससुराल के लोग घटनास्थल पर पहुंच गये। मृत युवक की पहचान होते ही उसके परिजनों के रोने चिल्लाने से पुरा वातावरण गमगीन हो गया। पुलिस घटना की सघन जांच कर रही है। वही युवक की हत्या कैसे एवं क्यों की गई इसकी जांच कर रही है।