नवादा|व्हीएसआरएस न्यूज: दहेज के लिए मारपीट करने और आग लगाकर हत्या करने की प्राथमिकी शुक्रवार को सिरदला थाने में दर्ज कराई गई। मृतका 25 वर्षीय सोनी कुमारी के पिता फतेहपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव निवासी गोविंद साव ने यह मामला दर्ज कराया है। इसमें मृतका के पति छोटू साव, ससुर गौतम साव, भैंसुर दिनेश साव व इनकी पत्नी, ननदोई अजय साव, सोनी देवी व मिथलेश मिस्त्री को आरोपित किया गया है। इधर आरोपितों ने कहा है कि फंसाने की नीयत से यह मामला दर्ज कराया गया है।
मिली जानकारी अनुसार घटना तीन दिन पूर्व की है। आरोप है कि सिरदला थाना क्षेत्र के चौबे पंचायत स्थित छोंमुहां गांव के छोटू साव से सोनी की शादी आठ वर्ष पूर्व की गई थी। शादी के बाद से ही सोने की चेन व बाइक की मांग की जा रही थी। इसको लेकर सोनी को प्रताड़ित किया जा रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट के बाद उसके शरीर में आग लगा दी गई। इसके बाद रजौली अनुमंडल अस्पताल में उसका इलाज कराया जा रहा था। वहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
इस बारे मे थानाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि वादी के बयान पर प्राथमिकी (कांड संख्या 56/021) दर्ज की गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।