भागलपुर। व्हीएसआरएस न्यूज: नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र में किराना दुकान पर सामान लेने गई 14 साल की बच्ची को अकेली पाकर दूसरे कमरे में ले जाकर दुष्कर्म कर लिया। घटना की जानकारी बच्ची ने अपने घर वालों को दी। घर वाले पीडि़त बच्ची को लेकर महिला थाना पहुंचे और घटना के संबंध में केस दर्ज कराया है। दर्ज केस में किराना दुकानदार सुमित कुमार सिंह को नामजद आरोपित बनाया गया है। दुष्कर्म की जानकारी बाद पीडि़त बच्ची के परिवार वालों के पहुंचने की भनक लगते ही दुकानदार दुकान बंद कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
दूसरे कमरे में ले जाकर किया गलत
नवगछिया महिला थानाध्यक्ष को पीडि़ता ने घटना की बाबत जानकारी दी कि किस तरह पंचगछिया निवासी सुमित कुमार सिंह ने उसके साथ गलत किया। वह सामान लेने किराना दुकान पर गई थी। तब दुकान में दूसरे ग्राहक नहीं थे। उसे दुकानदार ने सामान देने के बहाने दुकान से सटे दूसरे कमरे में ले गया और वहां उसके साथ गलत काम किया। सुमित की दुकान शिवाला चौक के समीप है। बच्ची ने महिला थानाध्यक्ष को बताया कि घटना 29 जनवरी को हुई। पीडि़ता ने यह बात घर जाकर अपनी मां को बताई थी।
वहीं पिता की तबियत काफी खराब रहने के कारण पुलिस को तब इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में गोपालपुर पुलिस को जानकारी दी तो वहां से महिला थाना, नवगछिया भेज दिया गया। महिला थानाध्यक्ष ने केस दर्ज करने के बाद पीडि़ता की मेडिकल जांच के लिए महिला पुलिस की सुरक्षा में अनुमंडल अस्पताल भेजा। पीडि़ता का मेडिकल जांच करा दिया गया है। बच्ची का न्यायालय में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा।
इस बारे में महिला थानाध्यक्ष ने घटना की जांच शुरू कर दी है। उधर घटना बाद पीडि़त परिवार दहशत में है। आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से जान-माल के खतरे की आशंका जाहिर की है।