छपरा| व्हीएसआरएस न्यूज: छपरा जिले में छेड़खानी से तंग जाकर एक लड़की ने अपनी जान दे दी। मामला सारण जिले के तरैया थाने के एक गांव का है। मरने वाली लड़की आठवीं क्लास में पढ़ाई करती थी। इस घटना के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है। मरने से पहले लड़की ने एक सुसाइड नोट भी लिख छोड़ा है। इधर, छपरा जिले के ही अवतार नगर थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़खानी से तंग आकर एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। महिला को गांव का ही एक युवक का परेशान करता था। छेड़खानी करने वाला युवक थोड़ा दबंग किस्म का है। इसके कारण महिला के घर वाले उससे डरते थे।
पढ़ने वाले दो लड़के लगातार कर रहे थे परेशान
मिली जानकारी अनुसार सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के एक गांव में आठवीं की छात्रा ने फांसी लगा कर शनिवार की रात आत्महत्या कर ली। वह गांव के बगल के ही एक स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। इस संबंध में मृतका के पिता ने बताया कि उसके पुत्री के साथ पढ़ने वाले दो छात्र भूषण राम व नीरज राम हमेशा छेड़छाड़ व परेशान किया करते थे। इसको लेकर दोनों युवकों को उसकी पुत्री ने समझाया भी था, लेकिन दोनों मानने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे। लड़की ने यहां तक कहा कि वह पुलिस से इसकी शिकायत कर देगी, लेकिन इसका भी कोई असर नहीं हुआ।
छेड़खानी किए जाने के बाद सदमे में थी
दोनों आरोपितों ने छात्रा को रास्ते में रोककर दुर्व्यवहार व छेड़खानी की। इससे छात्रा काफी परेशान थी और इसका सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर पाई। आखिरकार उसने पंखे में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। आपको बताते चले कि मृतका के पिता ने उक्त दोनों युवकों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन करते हुए शव को थाने लाकर पोस्टमाॅर्टम में भेजने की तैयारी में जुट गई। थानेदार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस उन्हें पकड़ कर जल्द से जल्द सजा दिलाएगी।