गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के खैरा आजम गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने के बाद बैकुंठपुर थाना के पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया।
मृतका छट्ठू साहनी की पत्नी धनवती देवी थी। इस मामले में धनवती देवी के पुत्र मुन्ना साहनी ने अपने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस की टीम मामले की छानबीन करने में जुट गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि धनवती देवी के पुत्र मुन्ना साहनी की पत्नी चंपा देवी कुछ दिनों पूर्व आग लगने के कारण गंभीर रूप से झुलस गई थी। झुलसे अवस्था में उसे इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में लाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया था। उधर महिला धनवती देवी अपने घर पर मौजूद थी। इस बीच मुन्ना साहनी के ससुराल वाले वहां पहुंचे और आग लगने के कारणों के बारे में पता लगाने लगे। इस दौरान ही बकझक हुई।
जिसमें मुन्ना साहनी ने आरोप लगाया है कि धक्का देने के कारण धनवती देवी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया है। जहां डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस महिला की मौत के मामले में संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत होने और हत्या के बिंदु पर जांच कर रही है।
उधर धनवती देवी की मौत के बाद उसके परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद जब दरवाजे पर पहुंचा तो उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ भी वहां जुट गई थी। वहीं पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है।