शिवहर| व्हीएसआरएस न्यूज: जिले के तरियानी थाना के सोनबरसा गांव में मंगलवार की रात अचानक लगी आग में चार लोगों का घर समेत सर्वस्व जल गया। भीषण अगलगी की इस घटना में 50 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। वहीं एक मवेशी की आग में जलकर मौत हो गई। जबकि, एक भैंस बुरी तरह झुलस गई है। घटना के बाद दीनानाथ सिंह, रघुनाथ सिंह, राज कुमार सिंह व राम सेवक सिंह का परिवार सड़क पर आ गया है। आग ने इस कदर सितम ढाया है कि, चारों के पास कुछ भी नहीं बचा रह गया है। चारों परिवार सड़क पर आ गए है। तत्काल, अगलगी की वजह सामने नहीं आई है। माना जा रहा हैं कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है।
बताया गया हैं कि, गांव के लोग मंगलवार की रात खाना खाकर सो गए थे। आधी रात बाद अचानक दीनानाथ सिंह के घर से उठती आग की तेज लपटे देख हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने एक ओर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, वहीं दूसरी ओर आग से घिरे लोगों को सुरक्षित निकाला। जबकि, गांव के पंसस रमेंद्र कुमार सिंह ने तरियानी थाना और फायर बिग्रेड को सूचना दी। इसके बाद तरियानी थाना के अवर निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में लग गए। लेकिन आग की लपटे लगातार कहर ढाती रही।
बाद में मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं आसपास के घरों को जलने से बचाया। तबतक दीनानाथ सिंह, रघुनाथ सिंह, राज कुमार सिंह व राम सेवक सिंह का सब कुछ आग की भेंट चढ़ चुका था। घटना में चारों का अन्न, वस्त्र, नकद, बर्तन, जेवरात, उपस्कर, इलेक्ट्रानिक्स सामग्री और घर समेत सब कुछ जलकर राख में तब्दील हो चुकी थी।