National Newsअयोध्या(व्हीएसआरएस न्यूज) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपोत्सव में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंच चुके हैं। सबसे पहले उन्होंने रामलला के दर्शन करके आरती उतारी। फिर गर्भग्रह की परिक्रमा की। पीएम ने जेब से निकालकर रुपए भी दानपात्र में डाले। इस दौरान सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उनके साथ रहीं। पीएम अब सरयू किनारे दीपोत्सव में शामिल होंगे।
उधर, अयोध्या अब भगवान राम के राज्याभिषेक के लिए सजधज कर तैयार है। पुष्पक विमान से भगवान राम, मां सीता और लक्ष्मण पहुंच चुके हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम की अगवानी की। तिलक लगाकर आरती उतारी। पीएम रामलला में पंचतत्व के प्रतीक 5 दीये जलाएंगे। इसके बाद राम की पैड़ी पर 15 लाख दीये जलाए जाएंगे। पूरी अयोध्या की बात करें तो घरों, मंदिरों, चौराहों को मिलाकर कुल 50 लाख दीये जगमग होंगे। सरयू घाटों पर दीयों में बाती और तेल भरने का काम शुरू हो गया है।
रामकथा पार्क और सरयू तट पर स्वागत होगा। शैलेंद्र शास्त्री की अगुवाई में वैदिक मंत्रोच्चार करने के लिए 51 वैदिकों की टीम पहुंची है।
रामलला की चौखट से लेकर जगमोहन और परिक्रमा मार्ग पर चारों ओर रंगोली और फूलों की दीवार बनाई गई है। राम-राम लिखा गया है।
रामलला के पीछे राम मंदिर के दोनों ओर जय श्रीराम लिखा गया है। रामलला से लेकर मंदिर निर्माण स्थल तक राममय वातावरण किया गया है।
अलग-अलग स्कूल और कॉलेज से 18 हजार स्टूडेंट्स दीया जलाने आए हैं। सभी कॉलेज के लिए अलग-अलग घाट बांट दिया गया है।
अयोध्या में 6 झांकियां निकाली जा रही हैं। श्रीराम के जन्म के समय से लेकर उनके राज्याभिषेक तक सभी प्रसंग दिखाए जा रहे।