National News लखनऊ(व्हीएसआरएस न्यूज) इंडिया गठबंधन में मची रस्साकशी के बीच उत्तर प्रदेश से राहत भरी ख़बर आई है। यूपी में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों को लेकर सहमति बन गई है। यूपी में कांग्रेस ग्यारह सीटों पर चुनाव लडे़गी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस बात का एलान किया है। अखिलेश यादव ने इसे गठबंधन की सौहार्दपूर्ण शुरुआत बताया और दावा किया है। उनकी पीडीए की रणनीति इतिहास बदल देगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे का एलान किया है। सपा अध्यक्ष ने लिखा, ’कांग्रेस के साथ 11 मज़बूत सीटों से हमारे सौहार्दपूर्ण गठबंधन की अच्छी शुरुआत हो रही है ये सिलसिला जीत के समीकरण के साथ और भी आगे बढ़ेगा। ‘इंडिया’ की टीम और ‘पीडीए’ की रणनीति इतिहास बदल देगी।’
सपा-कांग्रेस ने सीटों को लेकर डील पक्की
उत्तर प्रदेश में सपा ने कांग्रेस को 11 सीटें देने का एलान किया है। इनमें से दो सीट तो रायबरेली और अमेठी मानी ही जा रही है। इसके अलावा नौ अन्य सीटें कौन सी दी गई है, इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। ख़बरों के मुताबिक़ कांग्रेस पश्चिमी यूपी की चार सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। इनमें से एक सीट अमरोहा की हो सकती है, जहां कुंवर दानिश अली सांसद है। उन्हें पिछले महीने दिसंबर में ही बसपा से निष्कासित किया गया है।
पश्चिमी यूपी के अलावा पूर्वांचल और बुंदेलखंड में भी कांग्रेस को सीटें दी जा सकती है। सपा अध्यक्ष ने पहले ही कह दिया था कि वो इस महीने के आख़िर तक सीटों पर ़फैसला ले लेंगे और अब सपा की ओर से इसका एलान भी हो गया है। हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। 2019 के चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ एक रायबरेली सीट पर ही जीत हासिल हुई थी। राहुल गांधी अमेठी में भी चुनाव हार गए थे।