Pcmc News पिंपरी (व्हीएसआरएस न्यूज) राजनीति में इच्छाओं का अंत नहीं होता। भोसरी से दो बार के विधायक महेश लांडगे की भी इच्छाएं बढ़ी है। महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में जगह बनाने के लिए ऐढी चोटी का जोर लगा रहे है। उनका हक भी बनता है। पिंपरी चिंचवड मनपा में सत्ता दिलाने में स्व.लक्ष्मण जगताप और महेश लांडगे की दो हंसों की जोडी ने कमाल कर दिखाया। जगताप के न रहने पर महेश लांडगे की मंत्रिपद के लिए दावेदारी मजबुत मानी जा रही है। महेश लांडगे की एक इच्छा और जागी है। वे शिरुर लोकसभा का चुनाव लड़ना चाहते है। अपनी यह इच्छा कल पत्रकार वार्ता में जाहिर की है।
बीजेपी विधायक महेश लांडगे ने कहा है कि अगर पार्टी शिरूर लोकसभा चुनाव की तैयारी करने के लिए कहेगी तो मैं लड़ने को तैयार हूं। शिरूर लोकसभा सीट शिवसेना के पास है। हालांकि महेश लांडगे ने कहा है कि अगर यह सीट महागठबंधन में बीजेपी के पास आती है और पार्टी मुझसे चुनाव लड़ने को कहती है तो मैं शिरूर लोकसभा चुनाव लड़ूंगा। वे पिंपरी-चिंचवड़ में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
एक तरफ जहां शिरूर लोकसभा को लेकर एनसीपी में दलीलें दी जा रही हैं। हालांकि मौजूदा सांसद अमोल कोल्हे के नाम पर मुहर लग गई है, लेकिन भोसरी के पूर्व विधायक विलास लांडे अब भी इसमें दिलचस्पी दिखा रहे हैं। जबकि बीजेपी ने शिवसेना के कब्जे वाली शिरूर लोकसभा सीट पर दावा किया है। मौजूदा विधायक महेश लांडगे ने कहा है कि अगर यह सीट महागठबंधन में बीजेपी के पास आती है और पार्टी मुझे मौका देती है तो मैं शिरूर लोकसभा चुनाव लड़ूंगा।
2019 में हुए लोकसभा चुनाव में शिवसेना के तात्कालीन सांसद आढवराव पाटिल को मौका मिला है। लेकिन, उन्हें मौजूदा सांसद अमोल कोल्हे ने भारी अंतर से हरा दिया। तब भी विधायक महेश लांडगे की दिलचस्पी शिरूर लोकसभा में थी। हालांकि पार्टी द्वारा दिए गए आदेश से पहले ही महेश लांडगे पीछे हट गए और महागठबंधन के रूप में काम किया। अब एक बार फिर विधायक महेश लांडगे की दिलचस्पी शिरूर लोकसभा में है और उन्होंने कहा है कि अगर पार्टी ने उन्हें जिम्मेदारी दी तो वह चुनाव लड़ेंगे। इसलिए यह देखना अहम होगा कि शिरूर लोकसभा सीट शिवसेना के पास रहती है या बीजेपी के पास जाती है।