Maharashtra News मुंबई(व्हीएसआरएस न्यूज) महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक बुधवार को रद्द हो गई है, जिसे लेकर शिवसेना और एनसीपी ने एकनाथ शिंदे सरकार पर हमला बोला है। उद्धव गुट के शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि अब तक औद्योगिक प्रोजेक्ट्स ही गुजरात जा रहे थे, लेकिन अब तो गुजरात चुनाव के लिए महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट बैठक भी रद्द हो गई है। आदित्य ठाकरे ने कहा, ’अब तक हम महत्वपूर्ण परियोजनाओं को राज्य से बाहर जाते हुए देखते रहे हैं। लेकिन अब गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए राज्य मंत्रिमंडल को भी महाराष्ट्र से बाहर भेज दिया गया है।’ आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि बुधवार को होने वाली राज्य कैबिनेट की बैठक रद्द कर दी गई।
आदित्य ठाकरे आज एक दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। बिहार रवाना होने से पहले उन्होंने मुंबई में मीडिया से बातचीत की। इस बार उन्होंने शिंदे-फडणवीस सरकार के कामकाज की आलोचना की। आदित्य ठाकरे ने कहा, ’मैंने खबर सुनी कि आज की कैबिनेट बैठक रद्द हो गई है। अगर दूसरे राज्य में प्रचार चल रहा है तो यह बैठक क्यों रद्द की जा रही है। बेरोजगारी बढ़ रही है, राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। लेकिन इस कैबिनेट और खोके सरकार के पास कैबिनेट मीटिंग करने के लिए एक घंटा भी नहीं है। ये सभी गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रचार में जुटे हुए हैं। पहले विधायक भेजे गए, फिर प्रोजेक्ट भेजे गए, अब कैबिनेट भेजी गई।’
आदित्य बोले- क्या महाराष्ट्र के लिए आधे घंटे का भी वक्त नहीं
शिवसेना नेता ने कहा कि इन लोगों के पास गुजरात चुनाव के लिए वक्त है, लेकिन महाराष्ट्र के लिए आधा घंटा भी नहीं। गुजरात में कैबिनेट चुनाव प्रचार में जुटी है। दूसरे राज्य में प्रचार करने पर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन कैबिनेट की बैठक अहम है क्योंकि महाराष्ट्र में भी अहम मुद्दे लंबित हैं। आदित्य ठाकरे ने टिप्पणी की कि अगर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट ने महाराष्ट्र के लिए एक घंटा भी दिया होता तो कुछ भी गलत नहीं होता। फिलहाल आदित्य ठाकरे के हमलों पर फडणवीस सरकार का कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है।
गुजरात चुनाव के लिए महाराष्ट्र में क्यों छुट्टी, उठा सवाल
आदित्य ठाकरे से पूछा गया कि क्या वह राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा गठबंधन बनाने के मकसद से तेजस्वी यादव से मिलने जा रहे हैं। इस पर आदित्य ठाकरे ने कहा कि आप कोई कयास न लगाएं। उन्होंने कहा कि इस मामले में तो बड़े नेता बात करेंगे। इस बीच एनसीपी नेता अजित पवार ने कहा कि गुजरात में चुनाव के लिए महाराष्ट्र में छुट्टी घोषित की गई है। ऐसा तो पहली बार हो रहा है। गुजरात में मतदान के दो दिन अर्थात् 1 और 5 दिसंबर को पालघर, नासिक, धुले और नंदुरबार जिलों में अवकाश घोषित किया गया है। राज्य सरकार के उद्योग, ऊर्जा और श्रम विभाग ने इस संबंध में एक परिपत्र जारी किया है।