Mumbai News मुंबई(व्हीएसआरएस न्यूज) मायानगरी मुंबई के लोकसभा चुनाव में सिलेब्रेटी रंग भरने की तैयारी चल रही है। यह तैयारी महा विकास आघाडी (चत) और महायुति दोनों तरफ से की जा रही है। राजनीतिक हलकों में चल रही चर्चा के मुताबिक अभिनेता गोविंदा को शिंदे सेना और अभिनेत्री स्वरा भास्कर को कांग्रेस चुनाव मैदान में उतार सकती है। खबर है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अभिनेता गोविंदा के बीच मुलाकात हो चुकी है। वहीं अभिनेत्री स्वरा भास्कर की दिल्ली में महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी रमेश चेन्नीथला से मुलाकात हुई है। हालांकि अभिनेता राज बब्बर, अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर और अभिनेत्री नगमा के नाम भी चर्चा में है। बीजेपी की तरफ से अभिनेत्री माधुरी का नाम चर्चा में आया था।
इन सीटों क लिए चर्चा
राजनीतिक सर्कल में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गोविंदा को मुंबई उत्तर पश्चिम सीट से चुनाव लड़ा सकते हैं। वहीं स्वरा भास्कर को कांग्रेस द्वारा मुंबई उत्तर मध्य सीट से चुनाव लड़ाए जाने की चर्चा है। उल्लेखनीय है कि अगर अभिनेता गोविंदा चुनाव मैदान में उतरते हैं, तो यह उनकी दूसरी चुनावी पारी होगी। गोविंदा 2004 में कांग्रेस के टिकट पर उत्तर मुंबई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। तब उन्होंने बीजेपी के हैवीवेट राम नाईक को हराया था। 2004 में गोविंदा को 5 लाख 59 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। इस बार उन्हें जिस मुंबई उत्तर पश्चिम सीट से चुनाव लड़ाए जाने की चर्चा है, वो सिलेब्रेटी सीट रही है। से पहले इस सीट पर 1999 और 2004 में अभिनेता सुनील दत्त चुनाव जीत चुके हैं।