गोरखपुर| व्हीएसआरएस न्यूज: सिद्धार्थनगर जिले के मिश्रौलिया थानांतर्गत ग्राम निहलवा में चार दिन पहले 50 वर्षीय पृथ्वी केवट के संदिग्ध परिस्थिति में मिले शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या का कारण उसका बेटा लवकुश था। भूमि के विवाद में उसने अपने पिता को गड्ढे में धक्का दे दिया था, जिससे उनकी जान चली गई थी। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
घर के बगल से बरामद हुआ था शव
कल गुरुवार को पृथ्वी का शव घर के बगल से बरामद हुआ था। नाक और मुंह से ब्लड निकला हुआ था। कई जगह चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजने के बाद छानबीन शुरू की। पता चला कि एक दिन पहले पिता अपने बेटे लवकुश के साथ निकला था, जो मौत के बाद से गायब था। पता चला कि वह सोनौली नानकार स्थित ससुराल में रहता है। पुलिस जब उस तक पहुंची और सख्ती बरती तो फिर उसने अपना गुनाह कुबूल किया।
यह था कारण
आपको बताते चले कि पृथ्वी की एक पत्नी से तीन लड़के, जिसमें लवकुश व दो अन्य भाई हैं। जबकि एक अन्य पत्नी से दो लड़की व तीन लड़के हैं जो गांव के अंदर वाले मकान में रहते हैं। पृथ्वी ने गांव के बाहर अपनी जमीन पर नया मकान बनवाया था। बगल में थोड़ी भूमि बची थी। लवकुश ने दबाव डाला कि वह भूमि उनके नाम कर दें। पिता ने कहा कि जमीन और मकान तुम्हीं लोगों का है।
इस पर वह नाम से रजिस्ट्री कराने पर दबाव डालने लगा। इस बीच बुधवार को वह पिता के साथ निकला। घर के बगल में दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, फिर जमीन को लेकर विवाद होने लगा। लवकुश ने पिता को धक्का दिया तो किनारे गड्ढे में जा गिरे, फिर वह वापस लौट गया। जबकि पिता की वहीं मृत्यु हो गई।