देहरादून| व्हीएसआरएस न्यूज: उत्तराखंड में स्थित केदारनाथ धाम की यात्रा 10 मई से शुरू हो जाएगी, जिसके लिए लाखों लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है और श्रद्धालु धीरे-धीरे पहुंचने लगे हैं| इस बीच प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मौसम ने करवट ले लिया है| जगह-जगह बारिश और ओले गिरने की खबरें सामने आ रही हैं| अल्मोड़ा-सोमेश्वर क्षेत्र में बादल फटने की खबर सामने आई है| वहीं अल्मोड़ा-कौसानी हाईवे पर मलबा आ गया है, जिसके चलते पिछले 12 घंटे से हाइवे बंद है| हालांकि बारिश के चलते जंगलों में लगी आग पर बहुत हद तक काबू पा लिया गया है| लेकिन बदलते मौसम से पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है|
उत्तराखंड के अल्मोड़ा के अलावा बागेश्वर में बादल फटा है और पुरोला उत्तरकाशी में जमकर ओले गिरे हैं| बादल फटने के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं| वहीं आईएमडी ने 13 मई तक उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान जताया है| आईएमडी ने यात्रियों को बारिश के दौरान पहाड़ की यात्राओं पर जाने से बचने की अपील की है| इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मॉनसून आपदा न्यूनीकरण और चारधाम प्रबंधन पर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की थी|
वहीं रुद्रप्रयाग में बीते बुधवार को हुई बारिश के चलते जंगल में लगी आग बुझ गई है| बारिश के चलते गंगोत्री हाइवे पर जगह-जगह जलभराव देखने को मिला है| बागेश्वर और टिहरी जिले में भी बारिश का असर दिखा है, जिसके चलते जंगल की आग काबू में हो गई है| मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक आज राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बादलों का डेरा रहने के आसार है| देहारदून सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की बौछारें पड़ने के साथ ही ओलावृष्टि भी हो सकती है| इसके अलावा कहीं-कहीं आकाशी बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की गई है|