पंचदेवरी। व्हीएसआरएस संवाददाता: भाजपा सांसद सह भोजपुरी फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी ने शनिवार को सुशांत सिंह राजपूत की मौत में कांग्रेस का हाथ बताया। इसके बाद भी राजद मुखिया तेजस्वी कांग्रेस के साथ खड़े हैं। मनोज तिवारी ने सुशांत की मौत मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सक्रियता से एफआईआर दर्ज होने की बात कही। उक्त बातें मनोज तिवारी ने बिहार के कुचायकोट विधानसभा के पंचदेवरी के हाईस्कूल मैदान में कही।
मनोज तिवारी ने कहा कि यदि बिहार में विकास की गंगा बहाना चाहते हैं तो एनडीए की गठबंधन वाली सरकार जरूरी है। उन्होंने एनडीए के नए मेनिफेस्टो में 19 लाख बेरोजगार युवाओं को रोजगार सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने कुचायकोट विधान सभा के जदयू प्रत्याशी अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय के पक्ष में चुनावी सभा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। आम जनता के लिए सड़क, बिजली, पानी, शौचालय सहित अन्य कार्यों को पीएम ने कर दिखाया। उन्होंने आगे कहा कि देश के गरीबों के लिए मेडिकल के लिए पांच लाख की बीमा देने की बात कही तो इस दिशा में काम भी शुरू हो गया है। पहले लोगों को इलाज कराने दिल्ली एम्स जाना पड़ता था। अब पटना, दरभंगा सहित अन्य जगहों पर यह सुविधा उपलब्ध हो रही है। अंत में मनोज तिवारी ने कहा कि यदि बिहार को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं तो एनडीए का भरपूर समर्थन दें ताकि विकास की गाड़ी पटरी पर तेजी से बढ़ सके।
जनसभा की अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष अशोक मद्देशिया, संचालन अरविन्द पटेल ने किया। सभा को भाजपा जिला महामंत्री रविप्रकाश मणि त्रिपाठी, जदयू आरसीपी सिंह, भाजपा नेता निवेदिता सिंह, सुभाष सिंह तोमर, बिहार सरकार के पूर्व समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह, जदयू सांसद आलोक कुमार सुमन आदि ने संबोधित किया। मौके पर मुन्ना मिश्र, पिंटूलाल श्रीवास्तव, जगदम्बा राम, रंजीत तिवारी, डॉ मुखि सिंह, मृत्युजंय श्रीवास्तव उर्फ चमचम श्रीवास्तव, पिंटू तिवारी, हरेराम दुबे सहित एनडीए के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।