पटना। व्हीएसआरएस न्यूज: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की सीटों के मुद्दे को लेकर महागठबंधन के बाद एनडीए से भी बात नहीं बन पाई है। आज मंगलवार को उपेंद्र कुशवाहा ने बीएसपी और जनवादी सोशलिस्ट पार्टी के साथ मिलकर नया मोर्चा बनाया।
इस मौके पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि आरजेडी और नीतीश सरकार दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, इसलिए बिहार की जनता को अब एक नए विकल्प की आवश्यकता है। पिछले 30 सालों से बिहार में जंगलराज कायम है। 15 साल पहले और आज के 15 साल वाले दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। कुशवाहा ने इशारों-इशारों में तेजस्वी पर बड़ा अटैक किया है। कुशवाहा ने कहा है कि महागठबंधन में भी भाजपा का दखल है। कुशवाहा का कहना है कि ऐसी चर्चा है कि किसी न किसी रूप में भाजपा महागठबंधन में भी अपनी पकड़ रखती है।
नीतीश कुमार 15 साल पहले की चर्चा करते हैं, अपने काम का नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि लालू राज से तुलना कर फिर से सत्ता में आना चाहते हैं नीतीश कुमार। कुशवाहा ने महागठबंधन को फेल बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार फेल स्टूडेंट से प्रतियोगिता करना चाहते हैं।