पटना। व्हीएसआरएस संवाददाता: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात कर इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके बाद उन्होंने कहा कि एनडीए छोड़ने का फैसला पार्टी का है। अब आगे वे महागठबंधन की नई सरकार बनाएंगे। इसके पहले जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष ललन सिंह तथा जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू के नए गठबंधन में जाने की घोषणा कर दी थी। इसके बाद नीतीश कुमार फिर तेजस्वी यादव के साथ राज्यपाल से मिलकर महागठबंधन की नई सरकार बनाने के लिए विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा। इस बीच बड़ी खबर यह है कि महागठबंधन की नई नीतीश सरकार में दो उपमुख्यमंत्री रहेंगे। इनमें आरजेडी से तेजस्वी यादव का नाम तय है।
महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा
नीतीश कुमार एवं तेजस्वी यादव एक ही गाड़ी में राजभवन पहुंचे हैं। उनके काफिले में जीतन राम मांझी व ललन सिंह सहित महागठबंधन के कई नेता हैं। कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास भी राजभवन पहुंचे। नीतीश कुमार ने महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए 164 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा। राजभवन के बाहर महागठबंधन समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी है।
नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव के साथ जाएंगे राजभवन
नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव के साथ सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन जा सकते हैं। इसके पहले हम के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी अणे मार्ग पहुंच गए हैं। अणे मार्ग के सामने जदयू, राजद, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं का जमावड़ा लगा है।