पटना।व्हीएसआरएस संवाददाता: बिहार में भाजपा और जेडीयू का गठबंधन टूटने के बाद आज दोपहर दो बजे राजभवन में एक बार फिर से महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है।
नीतीश कुमार मुख्यमंत्री तो तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं भाजपा आज सभी जिलों में जद (यू) नेता द्वारा विश्वासघात के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध (महाधरना) करेगी। जिसके बाद ब्लॉक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
थोड़ी देर में शपथग्रहण
बस अब से कुछ देर में नीतीश कुमार सीएम पद की शपथ लेंगे। नीतीश के साथ तेजस्वी भी डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। बताया जा रहा है कि आज बस मुख्यमंत्री और उपमुख्य मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। वहीं इससे पहले बिहार के मनोनीत सीएम नीतीश कुमार ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को फोन किया और उनके शपथ ग्रहण समारोह से पहले सभी राजनीतिक घटनाक्रमों से अवगत कराया। लालू प्रसाद यादव ने उन्हें बधाई दी और उनके फैसले की सराहना की।
भाजपा ने सहयोगी दल को कभी नहीं तोड़ा: सुशील कुमार मोदी
आपको बता दें कि बिहार में गठबंधन टूटने के बाद राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने प्रेस वार्ता कर एक-एक आरोप का जवाब दिया। मोदी ने कहा कि अमित शाह ने मंत्रालय के लिए नीतीश कुमार को फोन किया था। नीतीश कुमार ने ही आरसीपी सिंह का नाम दिया था। मान लीजिए अगर हमने मंत्री बना दिया था तो नीतीश ने उस समय विरोध क्यों नहीं किया? यह सरासर गलत आरोप है कि भाजपा ने नीतीश जी से बिना पूछे आरसीपी को मंत्री बना दिया। भाजपा ने नीतीश कुमार को पांच साल तक मुख्यमंत्री बनाया। भाजपा ने नीतीश का हमेशा सम्मान किया।