गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के भीमपुरवा गांव में मछली मारने का विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसके बाद उसका एक हाथ भी तोड़ दिया गया।
युवक राजीव रंजन को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद महम्मदपुर थाना की पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है। मारपीट में घायल राजीव रंजन ने बताया कि उसके पोखरे में मछली पालन हुआ था। गांव के ही करीब डेढ़ दर्जन की संख्या में लोग पहुंचे और चोरी की नियत से मछली मारने लगे। इसका विरोध करने पर उक्त लोगों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
हादसे के घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य लोगों की मदद से बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया गया। इसके बाद घायल युवक राजीव रंजन को इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज चल रहा है।
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद सदर अस्पताल में तैनात नगर थाना के सब इंस्पेक्टर बीएन राय ने बयान दर्ज कर लिया है। युवक का बयान दर्ज करने के बाद उसे महम्मदपुर थाना में भेजने की तैयारी की जा रही है। ताकि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उधर मारपीट की घटना के बाद राजीव रंजन व उसका परिवार दहशत के माहौल में रहने को विवश है।